मोहाली के डेराबस्सी के लक्ष्मी नगर कॉलोनी में मंगलवार को सरेआम गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ गली नंबर 9 में देर शाम चार अज्ञात नकाबपोश युवकों ने एक घर को निशाना बनाते हुए भारी तोड़फोड़ की। हमलावर हाथों में धारदार हथियार लिए हुए थ
.
तलवारें और गंडासियां लहराते दिखे हमलावर
इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चारों नकाबपोश युवक हाथों में तलवारें, गंडासियां और डंडे लेकर बेखौफ होकर गली में घूम रहे हैं। हमलावरों ने सबसे पहले घर के बाहर खड़ी कार पर ताबड़तोड़ वार किए और उसके शीशे तोड़ डाले। इसके बाद उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे (गेट) पर भी हथियारों से हमला कर तोड़फोड़ की।

पिछले कमरे में छिपकर परिवार ने बचाई जान
घटना के समय घर में मौजूद मनजीत कौर ने बताया कि बाहर से अचानक आई जोरदार आवाजों को सुनकर जब उन्होंने गेट खोला, तो सामने हथियारबंद नकाबपोश खड़े थे। गेट खुलते ही हमलावर उनकी तरफ भी हमला करने के लिए झपटे।
मनजीत कौर का कहना है कि हमलावरों को अपनी ओर बढ़ता देख हम समझ गए कि जान को खतरा है। बिना एक पल गंवाए, परिवार के सभी सदस्य घर के पिछले हिस्से में बने एक सुरक्षित कमरे की तरफ भागे और खुद को अंदर बंद कर लिया। इसी वजह से हमारी जान बच सकी।”

जांच में जुटी पुलिस, कारणों की तलाश
शोर मचने और वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और हमलावरों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस इस बात की भी गहनता से तफ्तीश कर रही है कि इस अचानक हुए हमले के पीछे आपसी रंजिश का कोई मामला है या फिर यह किसी अन्य रंजिश का नतीजा है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

