तारीख- 8 जुलाई 2026। तुर्किये का अंकारा एयरपोर्ट। कैमरों के सामने डोनाल्ड ट्रम्प ‘एयरफोर्स वन’ की सीढ़ियां चढ़ते दिखे। फिर चुपचाप उन्हें एक कैटरिंग ट्रक में छिपाकर दूसरे विमान में शिफ्ट कर दिया गया। रिपोर्ट्स हैं कि ट्रम्प नताली हार्प को भी साथ ले गए
.
अब डेमोक्रेटिक सांसद जॉन ओसॉफ ने तंज कसा है कि सैनिक जंग लड़ रहे हैं और ट्रम्प नताली के साथ मशगूल हैं। नताली की कुछ चिट्ठियां भी सार्वजनिक हुईं, जिनमें वो ट्रम्प को लिखती हैं- मेरे लिए सिर्फ आप मायने रखते हो।
आखिर कौन हैं नताली, 4 साल पहले न्यूज एंकर रहीं और आज ट्रम्प की सबसे खास कैसे बनीं, रिश्ते पर उठ रहे सवालों की सच्चाई, आज के एक्सप्लेनर में…

नताली की पैदाइश 1991 में अमेरिका के कैलिफोर्निया की है। पिता प्रोफेसर रॉबर्ट बॉब बायोला यूनिवर्सिटी में ऑफिस ऑफ इनोवेशन के डायरेक्टर रहे। स्टूडेंट्स को उनके आईडिया से जुड़ा बिजनेस खड़ा करने में मदद करते। साथ ही रियल एस्टेट एजेंट का काम भी करते थे। जुलाई 2020 में उनकी मृत्यु हो गई।
नताली के भाई प्रेस्टन हार्प परिवार से अलग हो चुके हैं। नताली और उनकी मां कैलिफोर्निया छोड़कर फ्लोरिडा आ गईं। उनका अपार्टमेंट ट्रम्प के लग्जरी रिजॉर्ट ‘मार-ए-लागो’ एस्टेट से करीब 3 मील दूर था। नताली के परिवार के बारे में इससे ज्यादा जानकारी मौजूद नहीं है।
2015 में MBA के आखिरी साल में नताली को पता चला कि उन्हें सेकेंड स्टेज का बोन कैंसर है। इलाज शुरू हुआ, तो एक नर्स ने गलती से उनकी नस में स्टेराइल वाटर इंजेक्ट कर दिया। उनकी हालत और खराब हो गई। वो चल-फिर नहीं सकती थीं। आम तौर पर स्टेराइल वाटर में कोई दवा घोलकर फिर उसे नस में इंजेक्ट किया जाता है।

2018 में ट्रम्प ने एक कानून ‘राइट टू ट्राई’ बनाया, जिससे बोन कैंसर से जूझ रही नताली को इलाज कराने में मदद मिली।
12 जून 2019 को नताली ने एक लिंक्डइन पोस्ट में दावा किया कि, ‘दो बार की कीमोथेरेपी से कैंसर में कोई फायदा नहीं हुआ। डेमोक्रेटिक कंट्रोल वाली मेरी सरकार मुझे नशीली दवाएं, ओपियोइड्स वगैरह लेने को कहा। यहां तक कहा गया कि मुझे इच्छा-मृत्यु दे दी जाए।’
2017 में ट्रम्प अमेरिका के राष्ट्रपति बने। नताली ने पोस्ट में ट्रम्प को क्रेडिट देते हुए लिखा- ‘मेरे डॉक्टर ने मुझे नहीं बताया कि मेरे इलाज के लिए कोई और विकल्प भी मौजूद है। ये काम डोनाल्ड ट्रम्प ने किया। अब मेरा दर्द और मेरा कैंसर ठीक हो रहा है।’
नताली के इलाज की टाइमलाइन से उनका दावा भले ठीक न बैठे, लेकिन ऐसी पोस्ट से वो ट्रम्प की नजर में आ चुकी थीं। 2019 में नताली फॉक्स न्यूज के एक कार्यक्रम में शामिल हुईं और उसमें ट्रम्प की तारीफ की। इसके बाद नताली के बतौर न्यूज एंकर करियर और ट्रम्प की करीबी बनने की शुरुआत एक साथ हुई।

24 अगस्त 2020 को रिपब्लिकन पार्टी का नेशनल कन्वेंशन हुआ। इसमें नताली को भाषण देने का मौका मिला। सुनहरे बाल और लाल पोषक में पहुंची नताली बोलीं- अगर ट्रम्प न होते, तो वो जिंदा नहीं होतीं। उन्होंने ट्रम्प की तुलना क्लासिक फिल्म ‘इट्स ए वंडरफुल लाइफ’ के हीरो जॉर्ज बेली से की।
फिल्म में जॉर्ज बेली एक दयालु आदमी है, जो दूसरों की मदद करता है। उसका मानना है कि अमीरी पैसे में नहीं, बल्कि लोगों के लिए अच्छे काम करने में होती है। नताली बोलीं, ‘आप अपने साथ सिर्फ किया गया दान ले जा सकते हैं। मिस्टर प्रेसिडेंट, आप भी वैसे ही हैं। यही बात आपको दुनिया का सबसे अमीर आदमी बनाती है।’
जोरदार कैम्पेन के बावजूद चुनाव में ट्रम्प, बाइडन से हार गए। इधर नताली अमेरिका के धुर दक्षिणपंथी माने जाने वाले वन अमेरिका न्यूज नेटवर्क’, OANN में बतौर एंकर काम करने लगीं।
नताली इसमें ‘द रियल स्टोरी विद नताली हार्प’ नाम का शो होस्ट करने लगीं। हालांकि इसमें अक्सर वह ट्रम्प के इस दावे को सही ठहराती थीं कि बाइडन ने धोखाधड़ी करके चुनाव में जीत हासिल की है।
मार्च 2022 में नताली ने OANN छोड़कर ट्रम्प के लिए काम करना शुरू कर दिया। नवंबर 2022 में ट्रम्प ने बाइडेन के खिलाफ चुनाव प्रचार शुरू किया। इस दौरान नताली उनके साथ रहती थीं। ट्रम्प ने नताली को कोई पोस्ट नहीं दी थी, लेकिन लोग उन्हें ‘ह्यूमन प्रिंटर’ कहते थे।

2022 में नताली ने ट्रम्प के लिए इलेक्शन कैम्पेन किया। वॉशिंगटन की एक रैली में ट्रम्प ने उन्हें भाषण देने के लिए स्टेज पर बुलाया था।
ट्रम्प स्क्रीन के बजाय चीजों को कागज पर पढ़ना पसंद करते हैं। नताली उनके पीछे-पीछे घूमतीं। उनके हाथ में एक पोर्टेबल प्रिंटर और उसके चार्ज करने के लिए बैटरी होती।
ट्रम्प को कुछ भी पढ़ना-देखना होता, तो नताली झट से उसे प्रिंट करके दे देतीं। एक बार ट्रम्प स्कॉटलैंड में गोल्फ खेल रहे थे, तो नताली उनके पीछे दौड़ रही थीं, ताकि उन्हें पॉजिटिव खबरें और सोशल मीडिया पोस्ट के बारे में बताती रहें।
5 नवंबर 2024 को ट्रम्प दूसरी बार प्रेसिडेंट का चुनाव जीते। उसी महीने तय हो गया कि जनवरी में प्रेसिडेंट के पद संभालने के बाद व्हाइट हाउस में नताली भी उनकी टीम में रहेंगी।
अमेरिकी न्यूज चैनल CNN के मुताबिक, नताली दिन भर ट्रंप के साथ रहती हैं। उनकी मीटिंग्स में शामिल होती हैं। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति के असिस्टेंट ओवल ऑफिस के बाहर रहकर अपना काम करते हैं। जबकि नताली अंदर रहती हैं। वो देर रात तक ट्रम्प से सोशल मीडिया पोस्ट के बारे में बात करती हैं।
ट्रम्प जैसे ही कुछ बोलते हैं, वो उसको टाइप करके तुरंत सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देती हैं। उन्होंने कई बार ट्रम्प की प्रेस टीम को बिना बताए ही उनके इंटरव्यू भी फिक्स किए हैं।
एक रिपब्लिकन सांसद ने बताया कि कई बार सांसद ट्रम्प से संपर्क करते हैं, तो ये ध्यान रखते हैं कि नताली को इसकी जानकारी हो। वो जल्दी जवाब देती हैं और ट्रम्प की तरफ से सांसदों को लेख या नोट्स भी भेजती हैं। कोई विदेशी नेता ट्रम्प से बात करना चाहता है, तो भी नताली ही बीच का जरिया बनती हैं।

ओवल ऑफिस में ट्रम्प की मदद करती नताली। साथ में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस।
नताली सीनियर ऑफिसर्स की निगरानी से बाहर रहकर काम करती हैं। कई लोग ट्रम्प को किसी के खिलाफ भड़काने के लिए नताली को कुछ वीडियो वगैरह भेजते हैं। वो जानते हैं कि नताली बिना उसे जांचे-परखे ट्रम्प तक पहुंचा देंगी, जबकि सीनियर ऑफिसर्स नहीं चाहते कि हर चीज ट्रम्प तक पहुंचे। ऐसे 4 इंसिडेंट्स…
- ट्रम्प ने 2024 में रिपब्लिकन पार्टी को चंदा देने वाले एक करोड़पति मिरियम एडेलसन को गुस्से भरे मैसेज भेजे। तब सेंड बटन नताली ने ही दबाया था। इन मैसेज के चलते पार्टी का एक बड़ा डोनर छिटकने वाला था। हालांकि कुछ मध्यस्थों ने मामला मैनेज किया।
- नताली ने ट्रम्प को एक आर्टिकल दिखाया। इसमें ट्रम्प को मैनहैटन के अटॉर्नी एल्विन एल. ब्रैग के सिर के बगल में ट्रम्प को बेसबॉल बैट पकड़े हुए दिखाया गया था। ट्रम्प ने तुरंत इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, लेकिन फिर अपने वकीलों के आग्रह पर हटाया, क्योंकि ब्रैग ट्रम्प पर मुकदमा कराने वाले थे।
- न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, लेखिका ई. जीन कैरोल ने ट्रम्प पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। वो दोषी भी साबित हुए। बाद में ट्रम्प ने उनके खिलाफ 40 से ज्यादा आपत्तिजनक पोस्ट लिखीं। उस समय मार-ए-लागो में कोई और मौजूद नहीं था, सिवाए नताली के।
- इसी साल ट्रम्प ने बराक ओबामा और मिशेल ओबामा को जंगल में बंदरों की तरह दिखाने वाला एक नस्लभेदी वीडियो पोस्ट किया, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। इस पोस्ट ट्रम्प को सफाई तक देनी पड़ी। CNN के मुताबिक, ट्रम्प के करीबी हलकों में अटकलें लगाई गईं कि इस पोस्ट के पीछे नताली का हाथ हो सकता है।

16 अगस्त 2026 को डेमोक्रेटिक सांसद जॉन ऑसॉफ ने ट्रम्प पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘वो राष्ट्रपति का काम करने के बजाय अपना बॉलरूम बनाना चाहते हैं और नताली के साथ उस जहाज से टूर पर जाना चाहते हैं, जो सेफ नहीं है।’
ऑसॉफ के इस बयान के बाद व्हाइट हाउस के प्रवक्ता डेविस इंगल ने इसे शर्मनाक बताया और नताली की वफादारी और मेहनत की तारीफ की। हालांकि इससे नताली और ट्रम्प के रिश्ते की चर्चा तेज हो गई।

तुर्कीये की राजधानी अंकरा में हो रही NATO समिट के दौरान ट्रम्प और नताली।
खुद ट्रम्प नताली को अपने बेहद करीब मानते हैं। 2023 में चुनाव से जुड़े एक मुकदमे में ट्रम्प की जॉर्जिया में पेशी थी। इसके बाद उन्होंने गुस्से में कहा- नताली ही स्टाफ की अकेली मेंबर हैं, जो मेरी परवाह करती हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, 2023 में नताली ने ट्रम्प को कई ऐसी चिट्ठियां भेजीं, जिनसे ट्रम्प के आसपास के लोग हैरान रह गए। एक चिट्ठी में उन्होंने लिखा- ‘आप ही मेरे लिए सब कुछ हो। मैं आपको कभी निराश नहीं करना चाहती।’
एक और लेटर में लिखा, ‘मैं फिर से वो तालमेल चाहती हूं, जो हमारे बीच पहले हुआ करता था। जहां हम हर चीज के बारे में बात करते थे। मैं आपको खुशी देना चाहती हूं। ऐसा महसूस कराना चाहती हूं कि हम ‘काम’ की बात किए बिना भी एक दिन गुजार सकते हैं।’
नताली के चलते ट्रम्प के लिए खतरे की भी चर्चा होती है…
- फरवरी 2025 में छपी अमेरिकी लेखक माइकल वुल्फ की किताब ‘ऑल ऑर नथिंग: हाउ ट्रंप रीकैप्चरड अमेरिका’ के मुताबिक, ‘नताली ट्रंप के लिए इतनी दीवानी थीं कि इससे उनकी सुरक्षा टीम को चिंता होने लगी। नताली को जब ट्रम्प का अटेंशन नहीं मिलता, तो वो गुस्सा हो जाती थीं।
- सीक्रेट सर्विस ने उन्हें एक संभावित सिक्योरिटी थ्रेट मान लिया था, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं थी कि यह बात सीधे ट्रंप को जाकर बताए।’

जून में पोटोमैक पार्क गोल्फ कोर्स में ट्रम्प अपना पसंदीदा खेल गोल्फ खेलने पहुंचे थे, तब भी नताली उनके साथ थीं।
ट्रम्प के करीबी लोग ये नहीं मानते कि नताली से उनका कोई अनैतिक रिश्ता है…
- ट्रम्प अपने स्टाफ से कह चुके हैं कि हार्प ही अकेली हैं, जो उन्हें उतना ही प्यार करती हैं, जितना उनकी पत्नी-बच्चे करते हैं। वो नताली की तारीफ करते हैं, क्योंकि उनका मानना है कि 6 जनवरी 2021 को जब कैपिटल हिल पर उनके ऊपर जानलेवा हमला हुआ, तो वो राजनीतिक तौर पर हाशिए पर थे। तब नताली उन गिने-चुने लोगों में थीं, जो उनके साथ मेहनत से काम कर रहे थे।
- जोनाथन स्वान की किताब, रिजीम चेंज: इनसाइड द इम्पीरियल प्रेसीडेंसी ऑफ डोनाल्ड ट्रम्प’ में लिखा है कि नताली ट्रम्प के एक महिला स्टाफ ग्रुप ‘चार्लीज एंजल्स’ का हिस्सा थीं, जिनके साथ ट्रंप का रिश्ता कुछ पिता जैसा और कुछ फ्लर्टी माना जाता था।
नताली हार्प के भाई प्रेस्टन हार्प ने CNN को दिए इंटरव्यू में कहा है, नताली में ट्रम्प को लेकर एक तरह का असामान्य ‘जुनून’ है। वो अपने पिता के करीब नहीं रह पाईं और शायद इसी वजह से पिता जैसे किसी इंसान की तलाश में रहीं। नताली का अपने असली पिता के साथ व्यवहार ऐसा था, जैसे वो चाहती हों कि काश उनका कोई और पिता होता।’
प्रेस्टन के मुताबिक, ‘दोनों ‘ग्रेट अमेरिका’ वाली सोच पर यकीन रखते हैं। विचारधारा मिलना भी दोनों के बीच नजदीकी की एक वजह हो सकती है।
व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशन डायरेक्टर स्टीवन चेउंग भी कहते हैं कि नताली भरोसेमंद, पेशेवर, खुशमिजाज, मिलनसार हैं और ट्रम्प को एनर्जेटिक रखने में मदद करती हैं।
—————–
ये खबर भी पढ़िए…
क्या जम्मू-कश्मीर पर भारत के पाले में अमेरिका, अमेरिकी राजदूत सर्जियो बोले- ये भारत का अहम हिस्सा; ट्रम्प का असली मकसद क्या

19 अगस्त 2026 को भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर जम्मू-कश्मीर में सीएम उमर अब्दुल्ला से मिले। उन्होंने वहीं से बयान दिया- ‘जम्मू-कश्मीर भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मैं यहां पहली बार आया। ये बहुत खूबसूरत जगह है।’ पूरी खबर पढ़िए…
