Headlines

Jamui NEET Paper Leak Protest


जमुई में NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को जमुई में छात्र-छात्राओं ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।

.

कचहरी चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र तिरंगा, बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे।

प्रदर्शन के दौरान “हमें न्याय दो, वरना धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “मेलोडी मोदी” और “अनपढ़ धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए गए।

छात्रों ने कहा कि जब तक पेपर लीक मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होती और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन से जुड़ी तस्वीरें देखिए…

फायर ब्रिगेड की टीम को भी अलर्ट रखा

जिला प्रशासन ने शाम 4 बजे से 7 बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दी थी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी।

पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरे से की गई, जबकि फायर ब्रिगेड की टीम को भी अलर्ट रखा गया।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

प्रदर्शन के दौरान सड़क पर जाम में फंसी एक एंबुलेंस को छात्रों ने तत्काल रास्ता देकर मानवता का परिचय भी दिया।

अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की

धरना समाप्त होने के बाद देर शाम करीब 7:30 बजे शहर के महिसोढ़ी चौक पर कुछ असामाजिक और अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।

प्रदर्शन से लौट रहे लोगों की आड़ में उपद्रवियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया और जमकर हंगामा किया।

इसी दौरान शहर में लगे सीएम सम्राट चौधरी के होर्डिंग, जिसमें मंत्री श्रेयसी सिंह सहित अन्य नेताओं के फोटो लगे थे, उस पर भी जमकर पथराव किया गया। इससे कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल, एसडीओ सौरव कुमार, एसडीपीओ सतीश सुमन सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

पुलिस के पहुंचते ही उपद्रवी मौके से फरार हो गए। इसके बाद डीएम और एसपी के नेतृत्व में महिसोढ़ी चौक से कचहरी चौक तक फ्लैग मार्च निकालकर लोगों में सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।

जिलाधिकारी नवीन ने कहा कि छात्रों ने पूर्व अनुमति लेकर शांतिपूर्ण धरना दिया था और कार्यक्रम शांतिपूर्वक समाप्त हो चुका था।

मामले में अब तक आठ लोग गिरफ्तार

उनके अनुसार बाद में कुछ असामाजिक और अराजक तत्वों ने छात्रों की आड़ में माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पथराव की कोई व्यापक घटना नहीं हुई, केवल बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाया गया।

डीएम ने बताया कि मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *