- Hindi News
- National
- Mamata TMC Vs Democratic TMC | Mamata Banerjee Party Name Symbol Update EC Bypolls 2026
नई दिल्ली/कोलकाता3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मई में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव रिजल्ट के बाद ममता बनर्जी की TMC में फूट पड़ गई थी। बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में अलग गुट बन गया।
ममता बनर्जी ने TMC पार्टी सिंबल को लेकर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई। चुनाव आयोग ने एक दिन पहले ही ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फूल-घास’ वाला मूल चुनाव चिह्न के इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी।
बंगाल की दो विधानसभा सीटों नंदीग्राम और रेजीनगर में 6 अक्टूबर को उपचुनाव हैं। टीएमसी के दोनों गुटों ने असली नाम और सिंबल पर चुनाव लड़ने की मांग की थी।
शुक्रवार को आयोग ने ममता बनर्जी के गुट को ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ और ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ का चिह्न दिया, जबकि दूसरे गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ और ‘लिफाफा’ दिया गया है।
अब दोनों गुट उपचुनाव में नई पार्टी नाम और सिंबल से चुनाव लड़ेंगे। दोनों सीटों का रिजल्ट 9 अक्टूबर को आएगा।
ममता बोलीं- चुनाव आयोग कैसे मेरी पार्टी का सिंबल फ्रीज कर सकता है

इससे पहले दिन में चुनाव आयोग के फैसले पर ममता ने कहा- EC मेरी पार्टी का वह चुनाव चिह्न कैसे फ्रीज कर सकता है जो 28 साल से हमारे पास है। ना तो हम सिर झुकाएंगे और ना ही हार मानेंगे; हम लड़ेंगे और वापसी करेंगे।TMC के बागी BJP की ‘A-टीम’ हैं; जो लोग हमारे चुनाव चिह्न पर चुने गए थे, वे ही अब इसे चुनौती दे रहे हैं।

TMC के दोनों गुट अपने-अपने उम्मीदवार उतार चुके
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव हैं। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी TMC धड़े से मोहम्मद एतेशामुल हक नंदीग्राम और सफीउद्दीन शेख रेजीनगर से चुनाव लड़ेंगे।
वहीं, पूर्व सीएम ममता बनर्जी की TMC ने रविवार को नंदीग्राम से संचिता प्रधान (डे) और रेजीनगर से रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार घोषित किया था। हालांकि संचिता ने शुक्रवार को अपना नाम वापस ले लिया।

ममता के पास अब सिर्फ 22 विधायक और 19 सांसद बचे
टीएमसी के पास कुल 28 लोकसभा सांसद थे, जिसमें से 20 अलग हो गए हैं। अब लोकसभा में ममता के पास सिर्फ 8 सांसद बचे हैं। राज्यसभा की बात करें तो 13 में से दो सांसद इस्तीफा दे चुके हैं यानी सिर्फ 11 राज्यसभा सांसद बचे हैं।
विधानसभा की बात करें तो टीएमसी ने इस बार के चुनाव में 80 सीटें जीतीं थीं। जिसमें से 58 विधायक अलग गुट बना चुके हैं। ममता के पास सिर्फ 22 विधायक बचे हैं।


——————————
ये खबर भी पढ़ें…
दावा-ममता के 20 बागी सांसदों में 17 भाजपा में जाएंगे: यूसूफ पठान सहित तीन का बाहर से समर्थन

ममता बनर्जी से अलग हुए TMC के 20 बागी सांसदों में से 17 सांसद अक्टूबर में दुर्गा पूजा से पहले या बाद भाजपा में शामिल होंगे।न्यूज एजेंसी पीटीआई ने कूच बिहार सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया के हवाले से यह खबर दी। रविवार को कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत में बसुनिया ने दावा किया कि हम 17 सांसद एक साथ BJP में जा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…

