गुरुग्राम में बाइकर सिया को टक्कर मारने वाला युवक पलवल का कल्याण बैंसला है। सिया ने इंस्टाग्राम पर नया वीडियो जारी किया।
गुरुग्राम में कार की टक्कर से सड़क पर गिरी लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया दिल्ली की रहने वाली हैं। शिवानी ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है। वह साल 2022 में दिल्ली के कालकाजी से नगर निगम का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। उनके पिता रोशन चौहान भी आम आदमी प
.
शिवानी ने सोमवार देर रात इंस्टाग्राम पर नया वीडियो अपलोड कर कहा- “वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार ने मुझे टक्कर मारी और इसके बाद भी वह रुका नहीं। अगर उसे मेरे लिए इतनी ही चिंता थी तो वह एक सेकेंड के लिए भी रुककर यह देखने क्यों नहीं आया कि मैं जिंदा हूं या नहीं? ऐसी घटनाओं की वजह से महिलाओं को गुरुग्राम-दिल्ली की सड़कों पर असुरक्षित महसूस होता है।”
टक्कर मारने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने अभी अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सोमवार को कल्याण खुद मीडिया के सामने आया और उसने अपनी गलती मानी। सोमवार को पुलिस की टीमें उसके गांव पहुंची थीं। हालांकि, वह घर नहीं मिला।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने कल्याण के दो दोस्त निंदर और प्रमोद को हिरासत में लिया है। निंदर हादसे वाले दिन 13 सितंबर को कल्याण को पलवल से लेकर आया था, जबकि प्रमोद पर उसे गांव से भगाने का आरोप है।

शिवानी चौहान उर्फ सिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट रेबलव्हील्स सिया पर वीडियो अपलोड किया।
जानिए राइडर सिया ने क्या कहा….
कौन किसे पिंच कर रहा था, ये साफ दिख रहा
शिवानी चौहान ने वीडियो जारी कर कहा- मेरा रोड एक्सीडेंट वाला वीडियो हर जगह चल रहा है। मुझे टक्कर मारने वाला इंटरव्यू देकर कह रहा है कि हम बार-बार बाइक तेज और स्लो कर रहे थे और उसे पिंच कर रहे थे। यह तो मेरी वीडियो में साफ दिख रहा है कि कौन किसे पिंच कर रहा है। अगर हम ऐसा कर भी रहे थे तो आपका हमारा पीछा करने का क्या मतलब है?
वह कह रहा है कि उसे पता नहीं था कि बाइक लड़की चला रही है। ऐसा बिल्कुल नहीं हो सकता। मेरे बहुत लंबे बाल हैं और चोटी बनी हुई थी। उसने यह देखा, फिर एक्शन किया और बाइक रोकने के लिए कहा। अब यह भी कहा जा रहा है कि हम 22-23 लोग थे।
हिट एंड रन केस में दो वीडियो काफी नहीं?
सिया ने आगे कहा- मुझे समझ नहीं आता कि हिट एंड रन के इस केस में दो वीडियो काफी नहीं हैं? एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि वह पहली लेन से सीधे तीसरी लेन में आकर मुझे टक्कर मारता है और भाग जाता है। इसके बाद मैं सड़क पर घिसटती हुई जाती हूं। क्या ये वीडियो काफी नहीं हैं? अगर उसे मेरे लिए इतनी ही चिंता थी तो वह रुका क्यों नहीं? उसकी जिम्मेदारी थी कि टक्कर मारने के बाद रुकता।
हड्डियां टूट सकती थीं, मौके पर जान भी जा सकती थी
उन्होंने कहा- मेरी हड्डियां टूट सकती थीं। मौके पर मेरी जान भी जा सकती थी। टक्कर मारने के बाद अब वह सहानुभूति दिखाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन यह उस पर बिल्कुल सूट नहीं करता। वह एक सेकेंड के लिए भी यह जानने के लिए नहीं रुका कि जिसे उसने टक्कर मारी है, वह जिंदा है या नहीं।
महिलाएं गुरुग्राम-दिल्ली की सड़क पर सुरक्षित नहीं
सिया ने कहा कि मुझे शर्म आती है ऐसे लोगों पर, जो कह रहे हैं कि बात उनकी फैमिली तक पहुंच रही है। मुझे नहीं लगता कि ऐसे लोग यह सोचते हैं कि उनके घर में भी महिलाएं हैं। ऐसी घटनाओं की वजह से महिलाओं को गुरुग्राम-दिल्ली की सड़कों पर असुरक्षित महसूस होता है। हमें ऐसे लोगों को सिखाना होगा कि सड़क पर गाड़ी कैसे चलानी चाहिए।

कल्याण बैंसला पलवल के टीकरी गुर्जर गांव का रहने वाला है।-फाइल
अब जानिए कौन है सिया को टक्कर मारने वाला कल्याण बैंसला…
कबड्डी खेल चुका, किसान परिवार से ताल्लुक
पलवल के टिकरी गुर्जर गांव का रहने वाला 32 वर्षीय कल्याण बैंसला किसान परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके पिता धीरज बैंसला किसान हैं और पहले नंबरदार भी रह चुके हैं। कल्याण शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। परिवार में उसका एक बड़ा भाई मंजित है, जो पलवल में सप्लीमेंट की दुकान चलाता है।
परिवार के मुताबिक, कल्याण को बचपन से कबड्डी खेलने का शौक था। वह 12वीं कक्षा से कबड्डी खेल रहा है और स्टेट व नेशनल लेवल पर भी खेल चुका है। उसने ग्रेजुएशन तक पढ़ाई की है। वह इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर होने का भी दावा करता है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
2020 में जिम शुरू की, किराया विवाद में बंद पड़ी
कल्याण ने 2020 में पलवल शहर में KBT जिम शुरू की थी और 65 हजार रुपए महीने के किराए पर फ्लोर लिया था। हालांकि, पिछले करीब दो महीने से जिम बंद है। किराया बकाया होने पर बिल्डिंग मालिक ने जिम पर ताला लगा दिया था।
बिल्डिंग मालिक सुनील डागर के मुताबिक, कल्याण के भाई मंजित ने किराए की कुछ रकम चुका दी है। फिलहाल 2 लाख रुपए बकाया हैं। जिम को 17 सितंबर से दोबारा शुरू करने की तैयारी थी और इसके लिए अंदर रेनोवेशन का काम भी चल रहा था।

कल्याण बैंसला ने साल 2020 में पलवल में KBT नाम से जिम शुरू की थी।
दो दिन पहले दोस्त की कार लेकर गया था
जिस कार से हादसा हुआ वह असावटा गांव निवासी मनीष की है। मनीष सेना में है। कल्याण और मनीष दोस्त हैं। मनीष के चाचा करतार ने बताया कि कल्याण दो दिन पहले कार मांगकर ले गया था। घटना के बाद पुलिस उनके पास पहुंची और कार के बारे में जानकारी लेकर गई। अभी तक न तो कार वापस मिली है और न ही कल्याण से संपर्क हो पा रहा है। पुलिस अब कल्याण के साथ-साथ कार की भी तलाश कर रही है।
परिवार बोला- युवती ने फॉलोअर्स के लिए मामला उछाला
कल्याण के परिवार के सदस्य नवीन बैंसला ने बताया कि कल्याण अपने भाई-बहनों के साथ दिल्ली रिश्तेदारों के पास गया था। रविवार सुबह वह गुरुग्राम होते हुए पलवल आ रहा था। उसने युवती को कोई अश्लील इशारे नहीं किए। उसने युवती को धीरे चलाने की बात कही थी। यू-टर्न पर कल्याण ने लेफ्ट लिया और युवती ने राइट ले लिया, इस वजह से हादसा हुआ। युवती राइडर है। उसे फॉलोअर्स चाहिए, इसलिए मामले को इतना उछाला जा रहा है। कल्याण सिर्फ सेल्फ डिफेंस में भागा था।

टीकरी गुर्जर गांव में कल्याण बैंसला का घर।
अब जानिए राइडर सिया और कल्याण बैंसला ने क्या कहा…
युवती बोली- इशारा किया, फिर ओवरटेक कर टक्कर मारी
बाइकर सिया ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम पर कार से टक्कर मारने का वीडियो शेयर किया। सिया ने बताया कि रविवार सुबह मैं बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर Aprilia RS 457 से राइड कर रही थी। सियाज में सवार युवक बार-बार बाइक के पास आकर गलत इशारे कर रहे थे। मैंने दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन वे बाइक रोकने का इशारा करते रहे।
युवक नशे में लग रहे थे, इसलिए मैंने बाइक नहीं रोकी। कुछ दूरी तक कार पीछे चलने के बाद युवकों ने ओवरटेक कर बाइक में साइड से टक्कर मार दी। मैं बाइक समेत सड़क पर गिर गई, जबकि बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद एक साथी ने कार का पीछा किया, लेकिन ट्रैफिक सिग्नल के पास कार सवार रास्ता बदलकर फरार हो गए। पूरी घटना बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
कल्याण बैंसला बोला- युवती को धीरे बाइक चलाने को कहा था
वीडियो सामने आने के बाद कल्याण बैंसला ने मीडिया से बातचीत में कहा- कार में मेरे अलावा मेरी दीदी, बुआ का बेटा और मौसी का बेटा था। करीब 20-22 बाइक वाले मेरी साइड से तेज रफ्तार में निकले। मुझे पता नहीं था कि बाइक युवती चला रही है। मैंने युवती और उसके साथ मौजूद युवक से सिर्फ बाइक स्लो चलाने को कहा था। मैंने जानबूझकर टक्कर नहीं मारी।
युवती बिना शीशे में देखे मुड़ रही थी और यू-टर्न के पास मुझसे कार कंट्रोल नहीं हुई, जिससे टक्कर हो गई। मेरी गलती है, मैं मान रहा हूं। मैंने रुकने की बात कही थी, लेकिन बाइकर्स गाली देने लगे। डर था कि रुकने पर वे मारपीट कर सकते हैं। रेड लाइट पर मैंने कार रोककर उनसे बात भी की थी, लेकिन भाई ने वहां रुकने से मना किया। मेरे खिलाफ पहले कोई केस नहीं है और अब मुझे परेशान किया जा रहा है।
———————————
ये खबर भी पढ़ें :-
गुरुग्राम में लेडी बाइकर को कार से टक्कर मारी, VIDEO:आरोपी खुद को बता रहा इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर; बोला-मैंने बाइक धीमे चलाने को कहा

गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर सोमवार को एक कार सवार युवक ने लेडी बाइकर की स्पोर्ट्स बाइक को साइड से टक्कर मार दी। लेडी बाइकर सिया के मुताबिक, कार सवार युवक ने पहले इशारा कर रुकने को कहा। नहीं रुकने पर कार से बाइक को टक्कर मारी। वह सड़क पर गिर गई और बाइक करीब 50 मीटर तक घिसटती रही। पढ़ें पूरी खबर…
