कॉन्स्टेबल गुरप्रीत सिंह ने कहा कि बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यही टिकट उनकी जिंदगी बदल देगी।
पंजाब पुलिस के कॉन्स्टेबल गुरप्रीत सिंह (28) की किस्मत उस समय बदल गई, जब उनकी राखी बंपर लॉटरी टिकट ने 7 करोड़ रुपए का पहला इनाम जीत लिया। गुरप्रीत साल 2022 में पंजाब पुलिस में कांस्टेबल भर्ती हुए थे। फिलहाल वह 112 इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात हैं।
.
गुरप्रीत ने बताया कि 24 अगस्त को वह अपने पिता के साथ बाजार गए थे। इसी दौरान उन्होंने 500 रुपए का राखी बंपर का टिकट खरीदा। पिता ने टिकट खरीदने से मना करते हुए कहा था कि लॉटरी में कोई फायदा नहीं है। उस समय उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यही टिकट उनकी जिंदगी बदल देगी।
रविवार सुबह वह गुरुद्वारा साहिब में सेवा कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनकी टिकट ने राखी बंपर का पहला इनाम जीत लिया है। 7 करोड़ रुपए की लॉटरी लगने की खबर मिलते ही गुरप्रीत और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह फिरोजपुर जिले के गांव मलवाल कदियां के रहने वाले हैं।

कॉन्स्टेबल गुरप्रीत सिंह को हार पहनाते लॉटरी स्टॉल विक्रेता।
पिता रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी
गुरप्रीत साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता दर्शन सिंह रेलवे में ट्रेन गार्ड के पद पर कार्यरत थे और साल 2019 में रिटायर हुए। गुरप्रीत चार भाई-बहनों में एक हैं। उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि उनका एक भाई भी है। गुरप्रीत ने कहा कि यह किसी सपने के सच होने जैसा है। मैंने शहर जाते समय सामान्य तौर पर लॉटरी टिकट खरीदी थी। कभी नहीं सोचा था कि यही टिकट 7 करोड़ रुपए दिला देगी।
बॉर्डर इलाके में पहली बार इतनी बड़ी लॉटरी जीती
गुरप्रीत की टिकट उधम सिंह चौक स्थित एजेंसी से खरीदी गई थी। टिकट के 7 करोड़ रुपए का पहला इनाम जीतने की जानकारी मिलने के बाद एजेंसी संचालक और उनकी टीम भी जश्न मना रही है।संचालक ने कहा कि बॉर्डर इलाके में पहली बार किसी व्यक्ति ने इतनी बड़ी लॉटरी जीती है।
लॉटरी एजेंसी संचालक ने बताया कि गुरप्रीत ने उनकी दुकान से टिकट नंबर A 61279 खरीदा था। इसी टिकट पर 7 करोड़ रुपए का इनाम निकला है। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले भी उनकी दुकान से 21 लाख रुपए की लॉटरी निकली थी।


पंजाब में ऑनलाइन लॉटरी पर पूरी तरह से बैन
पंजाब में ऑनलाइन लॉटरी पर पूरी तरह से बैन है। पंजाब स्टेट लॉटरी विभाग न तो ऑनलाइन टिकट बेचता है और न ही चलाता है, हमेशा असली टिकट ही खरीदें और वो भी सिर्फ अधिकृत विक्रेताओं से।
फोटो या ऑनलाइन कॉपी वाला टिकट मान्य नहीं होता। विभाग कभी भी विजेताओं से ऑनलाइन पेमेंट या टैक्स के नाम पर पैसे नहीं मांगता। अगर, आपको कोई संदिग्ध मैसेज मिले या ठगी का शिकार हो जाएं तो तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।
**********
ये खबर भी पढ़ें:
लुधियाना में ₹6 करोड़ लॉटरी का विनर लापता: बैसाखी बंपर की ₹500 की टिकट खरीदी, दूसरे दिन भी क्लेम करने कोई नहीं आया

लुधियाना की एक लॉटरी एजेंसी से लॉटरी टिकट खरीदकर एक व्यक्ति रातों-रात करोड़पति बन गया है। इस लॉटरी टिकट पर 6 करोड़ रुपए का इनाम निकला है। हालांकि, अभी इस लॉटरी को क्लेम करने इसका विनर एजेंसी नहीं पहुंचा। (ये खबर भी पढ़ें)
