रोहित सिंह | सिद्धार्थनगर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सिद्धार्थनगर में बांसी कोतवाली क्षेत्र के भरथना स्थित एक मिक्स प्लांट से स्वराज 744 XT ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी हो गई। घटना 18 अगस्त की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। प्लांट परिसर में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अज्ञात चोर लेकर फरार हो गए। अगले दिन सुबह वाहन गायब मिलने पर प्लांट संचालक त्रिवेणी शंकर पाण्डेय ने इसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
त्रिवेणी शंकर पाण्डेय मूल रूप से उस्का बाजार क्षेत्र के चुरिहारी मुहल्लानी के निवासी हैं और वर्तमान में भरथना स्थित अपने प्लांट पर रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सुबह प्लांट पहुंचने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब मिली। आसपास और संभावित स्थानों पर काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चला।

प्लांट संचालक की तहरीर पर 26 अगस्त को कोतवाली बांसी में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के करीब आठ दिन बाद मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले की जांच उपनिरीक्षक रामप्रताप सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस चोरी हुए वाहन की बरामदगी और आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली के संभावित रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज या जांच में संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर उसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल मामले में कोई संदिग्ध सामने नहीं आया है और किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है। प्लांट संचालक ने पुलिस से चोरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कराने की मांग की है।

