सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक घर में धावा बोलकर लाखों रुपए के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान चोरी कर लिया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे।
.
पीछे की दीवार तोड़कर घुसे चोर
परिजनों के अनुसार, रात में चोरों ने राम लल्लू उपाध्याय के कच्चे मकान की पिछली दीवार तोड़ दी और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद पेटी और अलमारी के ताले तोड़कर उनमें रखे जेवरात और नकदी निकाल ली। चोर घर में रखा अन्य सामान भी ले गए।
सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो पिछली दीवार टूटी मिली। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और पेटी-अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

घर का सामान बिखड़ा मिला।
डॉग स्क्वॉड ने की जांच
सूचना मिलते ही सरई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
सरई थाना प्रभारी प्रहलाद मर्सकोले ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की जा रही है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में भी पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

घर की दीवार काटकर अंदर घुसा चोर।
