Headlines

Siwan Milad-un-Nabi Guidelines | DJ Orchestra Banned; Social Media Vigil


सीवान में मिलाद-उल-नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई।

.

जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएम ने कहा कि पर्व के दौरान जिले में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन को सहयोग करने और किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना देने की अपील की।

डीजे, आर्केस्ट्रा और हथियारों पर पूरी तरह रोक

प्रशासन ने मिलाद-उल-नबी के दौरान डीजे, आर्केस्ट्रा, तलवार, भाला, अश्लील नृत्य-गान और अभद्र या सांप्रदायिक टिप्पणी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है।

डीएम ने स्पष्ट किया कि जुलूस निकालने के लिए सक्षम प्राधिकार से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। जुलूस के लिए जारी लाइसेंस में निर्धारित सभी शर्तों का पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान किसी भी तरह के विवाद और अप्रिय स्थिति को रोकना है।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे रहेगी नजर

पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर भी प्रशासन और पुलिस की विशेष नजर रहेगी। अधिकारियों को 24 घंटे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है।

किसी भी तरह की आपत्तिजनक, भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट, मैसेज या टिप्पणी सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर आने वाली किसी भी अपुष्ट सूचना को आगे शेयर न करें। किसी संदेश की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे प्रसारित करने से अफवाह फैल सकती है और माहौल खराब हो सकता है।

संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेगा अतिरिक्त बल

मिलाद-उल-नबी को लेकर जिले के संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस के निर्धारित मार्गों पर लगातार पुलिस पेट्रोलिंग कराई जाएगी। इसके अलावा बाइक पेट्रोलिंग के जरिए भी निगरानी रखने की व्यवस्था की जाएगी।

प्रशासन की ओर से जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया है।

एसपी बोले- नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी छूट

पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने कहा कि कानून-व्यवस्था में बाधा डालने या पर्व के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। किसी संदिग्ध गतिविधि या महत्वपूर्ण सूचना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचित करें।

एसपी ने कहा कि समय पर सूचना मिलने से किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में पुलिस को मदद मिलेगी।

साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था भी दुरुस्त रखने के निर्देश

बैठक में पर्व को लेकर नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। नगर परिषद को शहरी क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया।

वहीं, विद्युत विभाग को अनुमंडल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशासन ने पर्व के दौरान लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।

शांति समिति ने दिया सहयोग का भरोसा

बैठक के दौरान प्रशासन ने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि वे पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अंत में शांति समिति के सदस्यों ने मिलाद-उल-नबी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन को सहयोग देने का संकल्प लिया। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा और निगरानी की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *