Headlines

TMC से छिनी 2 संसदीय समितियों की अध्यक्षता:डोला की जगह सुधांशु वाणिज्य समिति प्रमुख बने; दोनों सदन में ममता गुट के सिर्फ 16 सांसद




नई दिल्ली में शनिवार को संसदीय समितियों का दोबारा गठन हुआ। इस बदलाव के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) से दो बड़ी समितियों की अध्यक्षता चली गई। यह बदलाव ममता बनर्जी की अगुआई वाली TMC में विभाजन के बाद हुआ है। विभागों से जुड़ी संसदीय स्थायी समितियों का कार्यकाल एक साल का होता है। इसके बाद इन समितियों का पुनर्गठन किया जाता है। राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने विभागों से जुड़ी स्थायी समितियों का पुनर्गठन किया। बीजेपी के सुधांशु त्रिवेदी को वाणिज्य समिति का नया अध्यक्ष बनाया गया। सुधांशु त्रिवेदी ने TMC की डोला सेन की जगह ली है। वहीं, TMC के बागी गुट की नेता काकोली घोष दस्तीदार ने अपनी पूर्व पार्टी सहयोगी कीर्ति आजाद की जगह रसायन और उर्वरक समिति की अध्यक्षता संभाली है। दस्तीदार के नेतृत्व में TMC के 20 बागी लोकसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी जॉइन की है और NDA का समर्थन किया है। लोकसभा में ममता गुट के 8 सांसद हैं, राज्यसभा में भी यह संख्या 8 है। इस तरह संसद में ममता गुट के केवल 16 सांसद हैं। कई अध्यक्षों को दोबारा जिम्मेदारी DMK के सांसद तिरुचि सिवा को उद्योग समिति का अध्यक्ष दोबारा बनाया गया है। कनिमोझी को खाद्य, उपभोक्ता मामले और सार्वजनिक वितरण समिति की अध्यक्षता फिर मिली है। BJP के प्रमुख सहयोगी दलों JD(U), शिवसेना और TDP के कुछ नेताओं को भी अलग-अलग संसदीय समितियों के अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है। कांग्रेस के शशि थरूर और चरणजीत सिंह चन्नी को भी समितियों का अध्यक्ष बनाए रखा गया है। थरूर विदेश मामलों की समिति और चन्नी कृषि समिति के अध्यक्ष हैं। कांग्रेस के मुकुल वासनिक को शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल मामलों की समिति का अध्यक्ष बरकरार रखा गया है। समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव स्वास्थ्य और परिवार कल्याण समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे। अलग-अलग समितियों की नई जिम्मेदारियां BJP के राधा मोहन सिंह रक्षा समिति की अध्यक्षता करेंगे। JD(U) के संजय कुमार झा को परिवहन, पर्यटन और संस्कृति समिति का अध्यक्ष दोबारा बनाया गया है। शिवसेना के श्रीरंग बारणे को ऊर्जा समिति के अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है। NCP के सुनील दत्तात्रेय तटकरे को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के सांसद मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी को आवास और शहरी मामलों की समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। BJP के सुजीत कुमार ने अपनी पार्टी के सांसद बृजलाल की जगह कार्मिक, लोक शिकायत, कानून और न्याय समिति की अध्यक्षता संभाली है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को कोयला, खान और इस्पात समिति का अध्यक्ष दोबारा बनाया गया है। BJP के राजीव प्रताप रूडी जल संसाधन समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे। BJP के भर्तृहरि महताब वित्त समिति की अध्यक्षता जारी रखेंगे। उनकी पार्टी के सहयोगी राधा मोहन दास अग्रवाल को गृह मामलों की समिति के अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है। BJP के निशिकांत दुबे को संचार और सूचना प्रौद्योगिकी समिति का अध्यक्ष फिर बनाया गया है। महाराष्ट्र से BJP सांसद मेधा विश्राम कुलकर्णी को विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन समिति की अध्यक्षता पर बरकरार रखा गया है। BJP के सुधीर गुप्ता ने अपनी पार्टी के सहयोगी सीएम रमेश की जगह रेलवे समिति की अध्यक्षता संभाली है। कांग्रेस के सप्तगिरी शंकर उलाका को ग्रामीण विकास और पंचायती राज समिति का अध्यक्ष दोबारा बनाया गया है। BJP के पीसी मोहन को सामाजिक न्याय और अधिकारिता समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। BJP सांसद शशांक मणि को श्रम, कपड़ा और कौशल विकास समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *