Headlines

अकाल तख्त साहिब पहुंचे AAP विधायक:बंगला साहिब में पुलिस एंट्री पर अमित शाह पर सख्त कार्रवाई की मांग




आम आदमी पार्टी के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को श्री अकाल तख्त साहिब में जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात की। इस दौरान 10 अक्टूबर को गुरुद्वारा बंगला साहिब में हुई घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा गया। बता दें कि इस घटना में दिल्ली पुलिस के जवान कथित तौर पर जूते पहनकर और बिना सिर ढके गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुए थे। आप नेताओं ने इसे सिख धार्मिक संस्थाओं की पवित्रता का बड़ा उल्लंघन करार देते हुए जत्थेदार साहिब से अपील की कि वे अमित शाह को तलब करें और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करें। सिख संगत ऑपरेशन ब्लू स्टार को नहीं भूली प्रतिनिधिमंडल ने 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार की दर्दनाक यादों को ताजा करते हुए कहा कि सिख समुदाय उस काले अध्याय को नहीं भूला है और दिल्ली पुलिस के इस तरह गुरुद्वारा परिसर में घुसने की घटना को भी कभी माफ नहीं किया जाएगा। आप विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने 10 अक्टूबर को सिख समुदाय के लिए काला दिन बताया। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि हरसिमरत कौर बादल का इस घटना की निंदा करने वाला सोशल मीडिया पोस्ट भी बाद में डिलीट कर दिया गया। सिख समुदाय इस मामले में ठोस जवाब के लिए श्री अकाल तख्त की ओर देख रहा है। पुलिस को पवित्र परिसर में घुसने का कोई अधिकार नहीं मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि इस घटना से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। डॉ. निज्जर ने कहा कि गुरुद्वारे पारंपरिक रूप से शरण और शांति के स्थल रहे हैं। पुलिस जिन लोगों का पीछा कर रही थी, वे भले ही परिसर में आए हों, लेकिन इससे पुलिसकर्मियों को नंगे सिर और जूते पहनकर पवित्र परिसर में घुसने का कोई अधिकार नहीं मिल जाता। विधायक प्रोफेसर बलजिंदर कौर ने कहा कि वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी किस तरह मर्यादा को ताक पर रखकर अंदर घुसे और लोगों को सराय से बाहर निकाला। वहीं, विधायक जीवन जोत कौर ने आरोप लगाया कि इस घटना ने भाजपा का सिख-विरोधी चेहरा बेनकाब कर दिया है। प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल इस प्रतिनिधिमंडल में विधायकों के अलावा सोनिया मान, जोबनप्रीत सिंह, सरबजोत साबी, गुरइकबाल सिंह महल और आप नेता अंगद सोहल समेत कई अन्य प्रमुख चेहरे भी मौजूद रहे। आप नेताओं ने साफ किया है कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और वे इस मामले में इंसाफ की लड़ाई जारी रखेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *