Headlines

अनूपपुर जनसुनवाई में खराब सड़क और मुआवजे के मामले:भाजपा ने 'सहयोग सेल' शुरू किया; कलेक्टर ने 49 आवेदन सुने, सड़क-मुआवजे की मांग




अनूपपुर जिला मुख्यालय में मंगलवार को जनसमस्याओं के समाधान के लिए दो अलग-अलग जगहों पर सुनवाई हुई। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘सहयोग सेल’ शुरू किया, वहीं दूसरी ओर कलेक्टर ने साप्ताहिक जनसुनवाई में लोगों की शिकायतें सुनीं। भाजपा जिला कार्यालय में ‘सहयोग सेल’ की शुरुआत संभागीय प्रभारी गौरव सिरोठिया, जिला प्रभारी संजय साहू और जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के मार्गदर्शन में हुई। इसका उद्घाटन मप्र अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) रामलाल रौतेल, कोतमा नगर पालिका अध्यक्ष अजय सराफ और जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र भट्ट ने किया। पहले दिन शिक्षा, स्वास्थ्य और राजस्व से जुड़ी शिकायतों पर जनप्रतिनिधियों ने मौके पर ही अधिकारियों से फोन पर बात कर समाधान के निर्देश दिए। संगठन ने तय किया है कि समस्याओं के समाधान के लिए विभागों से औपचारिक पत्र व्यवहार किया जाएगा और समय पर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी जाएगी। 2 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई में नपा अध्यक्ष सहबिन पनिका और जिला उपाध्यक्ष मदन त्रिपाठी मौजूद रहेंगे। एक साल से सड़क की अधूरी मरम्मत जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को दो मुख्य आवेदनों ने प्रशासनिक कामकाज पर सवाल उठाए। पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत बोदा के सरपंच अर्जुन सिंह और सुनीता बाई ने बताया कि 2014-15 में बनी बोदा से खुर्शी तक की प्रधानमंत्री सड़क की 2024-25 में अधूरी मरम्मत हुई। खराब डामरीकरण के कारण सड़क बीच से बह गई है और उसमें बड़े गड्ढे हो गए हैं। इस वजह से गांव में एम्बुलेंस और चार पहिया वाहन नहीं आ पा रहे हैं। गांव आने वाली 3 यात्री बसें भी बंद हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों को 5 किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। बैगा जनजाति बहुल इस इलाके के लोगों ने सड़क की तुरंत मरम्मत की मांग की है। निजी जमीन अधिग्रहण पर मुआवजा मांगा ग्राम बम्हनी (तहसील पुष्पराजगढ़) की टेकवती पिता नेपाल सिंह ने नेशनल हाईवे शहडोल-पंडरिया में अधिग्रहित अपनी निजी जमीन (खसरा नं. 24/2/1, रकबा 2.025 हेक्टेयर) के मुआवजे के लिए आवेदन दिया। उनका आरोप है कि पहले पटवारी ने सीमांकन कर पंचनामा बनाया था, लेकिन अब तक 3 पटवारी बदल चुके हैं। वर्तमान पटवारी भूमि न होने की बात कहकर गुमराह कर रहे हैं। आवेदिका ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में निष्पक्ष जांच और मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है। इस दौरान कलेक्टर ने 49 आवेदकों की समस्याओं को सुनते संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *