Headlines

8 हजार छात्रों के कॉलेज से प्रोफेसर डेपुटेशन पर:भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा ने पढ़ाई प्रभावित होने पर प्रदर्शन किया




डूंगरपुर में एसबीपी कॉलेज से असिस्टेंट प्रोफेसरों को अन्य कॉलेजों में प्रतिनियुक्ति पर भेजे जाने के विरोध में भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा (बीपीवीएम) ने प्रदर्शन किया। मंगलवार को छात्रों और कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रिंसिपल ऑफिस तक रैली निकाली और ज्ञापन सौंपा। निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष तुषार परमार ने बताया कि एसबीपी कॉलेज जिले का सबसे बड़ा शिक्षण संस्थान है, जहां 8 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। हाल ही में नए असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति से रिक्त पद भरे गए थे, लेकिन उनमें से कई को अन्य कॉलेजों में प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया है। इससे छात्रों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बीपीवीएम ने कॉलेज आयुक्त के नाम प्रिंसिपल को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि प्रतिनियुक्तियां तत्काल रद्द की जाएं और सभी शिक्षकों को एसबीपी कॉलेज में वापस लगाया जाए। संगठन ने यह भी मांग की कि नई नियुक्ति के बाद शिक्षकों को कम से कम पांच वर्ष तक उसी कॉलेज में रखने का आदेश जारी किया जाए, ताकि बार-बार के स्थानांतरण या प्रतिनियुक्ति से छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो। परमार ने यह भी बताया कि बिछीवाड़ा सरकारी कॉलेज में भी ऐसी ही स्थिति है, जहां छह से अधिक असिस्टेंट प्रोफेसर प्रतिनियुक्ति पर हैं। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य कॉलेजों में भी प्रोफेसरों की कमी और प्रतिनियुक्ति का असर छात्रों की शिक्षा पर पड़ रहा है। बीपीवीएम ने जिले के सभी कॉलेजों में स्वीकृत पदों के अनुसार प्रोफेसरों की नियुक्ति की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *