![]()
अनूपपुर जिला मुख्यालय में शुक्रवार को नगरपालिका ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे संचालित दुकानों को हटाया गया और पुरानी सब्जी मंडी में अवैध मछली बाजार के चबूतरे को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। दोपहर में नगरपालिका अमला कोतवाली पुलिस के साथ मुख्य बाजार क्षेत्र पहुंचा। यहां जेसीबी की मदद से मुख्य सड़क किनारे पल्ली डालकर या अस्थाई व्यवस्था कर दुकान चलाने वालों की दुकानें हटाई गईं। कार्रवाई के दौरान स्थानीय भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। नपा अनूपपुर के राजस्व निरीक्षक गौरव सिंह बघेल और अतिक्रमण प्रभारी अखिलेश सिंह चौहान ने बताया कि यह कार्रवाई कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर की जा रही है। कलेक्टर को पुरानी सब्जी मंडी में बंद किए गए मछली बाजार के अवैध संचालन और सड़कों तक पसरी दुकानों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शुक्रवार को पुरानी सब्जी मंडी के साथ-साथ कोतवाली तिराहा से बस स्टैंड, आदर्श मार्ग और कोतवाली तिराहा से स्टेशन मार्ग पर भी अतिक्रमण हटाया गया। शाम 5 बजे तक 8 दुकानों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 2400 रुपए का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई अलग-अलग दिनों में जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अतिक्रमण हटाए जाएं ताकि नागरिकों को असुविधा न हो। खासकर सामतपुर तिराहा से कोतवाली और कोतवाली तिराहा से स्टेशन मुख्य मार्ग पर सड़कों तक पसरी दुकानें नहीं दिखनी चाहिए। दुकानदारों को इस संबंध में सख्त हिदायत दी गई है। नगरपालिका अमला देर शाम तक कार्रवाई जारी रखे हुए था। इस कार्रवाई से नगरवासियों को सड़कों पर लगने वाले अतिक्रमण से थोड़ी राहत मिली है।
Source link
अनूपपुर में मछली बाजार चबूतरा ध्वस्त:अवैध अतिक्रमण पर नपा की कार्रवाई; 8 दुकानों पर 2400 रुपए का जुर्माना
