Headlines

अब जन्म के 24-72 घंटे में 63 बीमारियों की जांच:दिल्ली सरकार ने बढ़ाया मिशन अनमोल, सालाना स्क्रीनिंग कवरेज बढ़ाकर 2.5 लाख करने का लक्ष्य




दिल्ली सरकार ने नवजात शिशुओं में गंभीर लेकिन उपचार योग्य बीमारियों की समय रहते पहचान और इलाज के लिए मिशन अनमोल का विस्तार किया है। जीबी पंत अस्पताल में मंगलवार को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने अनमोल पहल नवजातों के लिए सुरक्षा चक्र कार्यक्रम के तहत इसका शुभारंभ किया। मिशन के तहत नवजात के जन्म के 24 से 72 घंटे के भीतर 63 जन्मजात, आनुवंशिक और मेटाबॉलिक बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की शुरुआती स्तर पर पहचान कर समय पर उपचार शुरू करने में मदद मिलेगी। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार नवजातों की वार्षिक स्क्रीनिंग कवरेज को करीब 1.5 लाख से बढ़ाकर 2.5 लाख करने की दिशा में काम कर रही है। अब तक 75 हजार से अधिक नवजातों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और 700 से अधिक बच्चों को समय पर उपचार मिला है। कार्यक्रम में जीबी पंत अस्पताल में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन के नए भवन का भी उद्घाटन किया गया। इससे दिल्ली में अंग एवं ऊतक दान, प्रत्यारोपण, जागरूकता और इससे जुड़ी गतिविधियों के समन्वय को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा दिल्ली सरकार ने निजी नर्सिंग होम के रजिस्ट्रेशन और रिन्यूल के लिए नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल भी शुरू किया। इससे आवेदन, दस्तावेज जमा करने और प्रक्रिया की स्थिति जानने की सुविधा ऑनलाइन मिलेगी। एलजी संधू ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था से दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *