अमन को गोली लगने के मामले में एक गिरफ्तार:दोस्त के बड़े भाई से पिस्टल चेक करने के दौरान चली गोली,नाजुक हालत में पटना रेफर,एक पिस्टल और 14 गोली बरामद




आरा। शहर के टाउन थाना क्षेत्र के अहिरपुरवा मोहल्ले में गुरुवार को फायरिंग के दौरान 16 वर्षीय किशोर अमन सिंह को गोली लगी थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके दोस्त के बड़े भाई को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अहिरपुरवा निवासी अमित प्रशांत के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर से एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन, 14 कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। सदर एसडीपीओ राज कुमार साह ने बताया, ‘शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने दुर्घटनावश फायरिंग होने और उसी दौरान अमन को गोली लगने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस घटना की वास्तविक परिस्थितियों और फायरिंग के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।’ बाएं कमर के पास लगी गोली घायल अमन की पहचान कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी मंजर सिंह के 16 वर्षीय पुत्र अमन सिंह के रूप में हुई है। वह वर्तमान में धरहरा मोहल्ले में किराये के मकान में रहता है। बताया जाता है कि गोली अमन के बाएं तरफ कमर के पास लगी। घटना के बाद उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे महावीर टोला स्थित मेडिकॉन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आपरेशन कर गोली निकाली है। बाद में गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया। दोस्त से पूछताछ के बाद खुला हथियार का राज पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद घायल अमन के दोस्त अंकित प्रशांत से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि गुरुवार की दोपहर वह बाइक से अमन को छोड़ने तरी मोहल्ला गया था। अमन को वहां छोड़ने के बाद वह वापस अहिरपुरवा लौट रहा था। इसी दौरान उसे अमन को गोली लगने की जानकारी मिली। कुछ देर बाद उसके बड़े भाई अमित प्रशांत ने फोन कर अमन को गोली लगने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद अंकित मौके पर पहुंचा और घायल अमन को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद अमन को बेहतर इलाज के लिए मेडिकॉन अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और अंकित से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले। घर से पिस्टल, मैगजीन और 14 कारतूस मिले इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए अंकित के बड़े भाई अमित प्रशांत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, अमित प्रशांत से पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर उसके घर की तलाशी ली गई। यहां से घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल, एक मैगजीन, 14 जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आया और फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण या किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *