Headlines

अमेरिका भेजने के नाम पर 40 लाख ठगे:युवक को पहले कंबोडिया,फिर कई देशों से घुमाया; रिफ्यूजी कैंप में 10 महीने रहा, डिपोर्ट होकर लौटा




लुधियाना में अमेरिका भेजने के नाम पर एक युवक से 40 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। जमालपुर के सुखदेव नगर निवासी गुरदीप सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसे अमेरिका भेजने का भरोसा देकर एजेंट ने लाखों रुपए ले लिए। इसके बाद उसे कंबोडिया समेत कई देशों से घुमाया गया। वह अमेरिका पहुंचने के बाद करीब 10 महीने तक टेक्सास के एक रिफ्यूजी कैंप में रहा, लेकिन आखिरकार 25 जून 2025 को उसे डिपोर्ट कर भारत भेज दिया गया। मामले में पुलिस ने गांव खस्सां निवासी राकेश कुमार उर्फ गोरा के खिलाफ थाना जमालपुर में IPC की धारा 420 के तहत FIR दर्ज की है। मामा ने एजेंट से करवाया था संपर्क गुरदीप ने पुलिस को बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। इस संबंध में उसने अपने मामा संतोख सिंह निवासी गांव कुम्मरावां, कपूरथला से बात की। मामा ने उसकी मुलाकात गांव खस्सां निवासी राकेश कुमार से करवाई। राकेश कुम्मरावां में कपड़ों की दुकान चलाता था और लोगों को विदेश भेजने का काम भी करता था। गुरदीप के मुताबिक, 15 अगस्त 2023 को वह अपने पिता के साथ राकेश की दुकान पर गया। राकेश ने दावा किया कि वह पहले भी कई लोगों को विदेश भेज चुका है। उसने अमेरिका भेजने के लिए पहले 44 लाख रुपए मांगे, लेकिन बाद में सौदा 40 लाख रुपए में तय हो गया। शुरुआत में राकेश ने 2 लाख रुपए, मूल पासपोर्ट और निवास संबंधी दस्तावेज लिए। कंबोडिया भेजा, फिर कई देशों की यात्रा करवाई शिकायत के अनुसार, राकेश ने गुरदीप को बताया कि उसे कंबोडिया के रास्ते अमेरिका भेजा जाएगा। 29 अगस्त 2023 को वह दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना हुआ। पहले उसे मुंबई की टिकट दी गई और मुंबई पहुंचने के बाद व्हाट्सऐप पर कंबोडिया की टिकट भेजी गई। गुरदीप का आरोप है कि कंबोडिया पहुंचने के बाद राकेश ने उससे 6 लाख रुपए और मांगे। उसके पिता और मामा ने यह रकम दी। इसके बाद एजेंट के साथियों ने उसे कई देशों से होते हुए दुबई पहुंचाया। वहां से राकेश ने उसे वापस भारत बुला लिया और आश्वासन दिया कि अब उसे सीधे अमेरिका भेज देगा। गुरदीप 6 जनवरी 2024 को भारत लौट आया। आरोप है कि राकेश ने दोबारा उसका पासपोर्ट और दस्तावेज ले लिए और अमेरिका भेजने की बात कही। काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई प्रगति नहीं हुई तो गुरदीप ने कहा कि जो वास्तविक खर्च हुआ है, वह काटकर बाकी रकम और उसके दस्तावेज वापस कर दिए जाएं। आरोप है कि एजेंट ने ऐसा नहीं किया। दोबारा सुरिनाम भेजा, फिर 22 लाख और मांगे गुरदीप के अनुसार, 13 मई 2024 को राकेश ने उसे दोबारा दक्षिण अमेरिका के देश सुरिनाम भेज दिया। इसके बाद उसके पिता ने राकेश को कुम्मरावां स्थित संतोक सिंह के घर पर 13 लाख रुपए दिए। गुरदीप ने पुलिस को कथित तौर पर वह वीडियो फुटेज भी उपलब्ध करवाई, जिसमें राकेश के पैसे लेने की बात सामने आती है। इसके बाद सुरिनाम से उसे ग्वाटेमाला भेजा गया। आरोप है कि वहां राकेश ने 15 लाख रुपए और मांगे। इसके बाद गुरदीप करीब दो महीने मैक्सिको सिटी में रहा। इस दौरान एजेंट ने 4 लाख रुपए और मांगे, जो उसके पिता ने दिए। अमेरिका पहुंचा, टेक्सास कैंप में 10 महीने रहा गुरदीप का दावा है कि इसके बाद उसने अमेरिका की सीमा पार की और टेक्सास के एक रिफ्यूजी कैंप पहुंचा। वहां वह करीब 10 महीने तक रहा। हालांकि, अमेरिका में उसका सफर ज्यादा लंबा नहीं चला और 25 जून 2025 को उसे डिपोर्ट कर भारत भेज दिया गया। भारत लौटने के बाद गुरदीप ने कई बार राकेश से अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि राकेश हर बार रकम लौटाने में टालमटोल करता रहा। शिकायतकर्ता के मुताबिक, भारत लौटने के करीब एक साल बाद भी उसे पैसे वापस नहीं मिले। जांच में शामिल होने के लिए कई नोटिस, फिर भी नहीं पहुंचा पुलिस ने राकेश कुमार के मोबाइल नंबर पर कई बार नोटिस भेजकर उसे जांच में शामिल होने के निर्देश दिए। जांच रिपोर्ट के अनुसार, उसे 23 अप्रैल, 13 मई, 22 मई, 9 जून और 22 जून 2026 को नोटिस भेजे गए। पुलिस ने फोन के जरिए भी उससे संपर्क किया, लेकिन आरोप है कि वह बार-बार नोटिस के बावजूद जांच में शामिल नहीं हुआ। जांच अधिकारी ASI साहिब सिंह ने बताया कि आरोपी राकेश कुमार के खिलाफ थाना जमालपुर में IPC की धारा 420 के तहत FIR दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *