![]()
अम्बेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र के बरियावन बाजार में रविवार देर रात अज्ञात लोगों ने बुलडोजर से सड़क किनारे बने चार कमरों को गिरा दिया। सोमवार सुबह करीब 9 बजे स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार देर रात कुछ लोग बुलडोजर लेकर बरियावन बाजार आए थे। उन्होंने सड़क किनारे बने चार कमरों को मशीन से गिरा दिया। रात होने की वजह से आसपास के लोगों को तुरंत घटना का पता नहीं चल पाया। सोमवार सुबह जब लोगों ने कमरों को टूटा हुआ देखा तो बाजार में इस पर बात होने लगी। घटना की सूचन्व स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां चार कमरों का मलबा पड़ा था। पूछताछ में पता चला कि ये कमरे संदीप, चंद्रदेव, राकेश और बघेलू आदि लोगों के थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इन कमरों में दुकानें चलती थीं, लेकिन रात में वहां कोई नहीं था। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखना शुरू कर दिया है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि रात में बुलडोजर लेकर कौन लोग आए थे और किसके कहने पर इन कमरों को गिराया गया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में कई तरह की बातें हो रही हैं। हालांकि, कमरों को गिराने की असली वजह क्या थी, यह पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़ी सभी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
Source link
अम्बेडकरनगर में देर रात बुलडोजर से चार कमरे ढहाए:सड़क किनारे बने कमरों को निशाना बनाया, लोग बोले- किसने गिराए पता नहीं
