![]()
अंबिकापुर के खरसिया नाका में अरूण ट्रेडर्स में पीडीएस का चावल बड़ी मात्रा में भंडारित किए जाने की सूचना पर शुक्रवार को खाद्य एवं राजस्व अमले की टीम ने छापा मारा। प्रशासनिक टीम को देखकर अरूण ट्रेडर्स का संचालक दुकान और गोदाम बंद कर भाग निकला। प्रशासन ने परिसर में खड़ी मिनी ट्रक से 130 बोरा पीडीएस का चावल जब्त किया है। अरूण ट्रेडर्स के गोदाम को सील कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, अरूण ट्रेडर्स में बड़ी मात्रा में पीडीएस का चावल खपाये जाने की सूचना पर खाद्य विभाग एवं राजस्व अमले की टीम मौके पर पहुंची। अरूण ट्रेडर्स के संचालक अरूण बंसल ने गोदाम में टीम को जाने से रोक दिया और गोदाम बंद कर भाग निकला। प्रशासनिक टीम ने गोदाम को सील कर दिया है। अरूण ट्रेडर्स के बाहर खड़ी मिनी ट्रक वाहन की जांच की गई। मिनी ट्रक में 130 बोरा पीडीएस का चावल बरामद हुआ। पिकअप वाहन एवं चावल को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल गोदाम की जांच नहीं हो सकी है। बताया गया है कि अरूण ट्रेडर्स से खड़ी पिकअप में चावल लोड किया जा रहा था। पूर्व में दर्ज हो चुकी है एफआईआर अरूण ट्रेडर्स के संचालक द्वारा लंबे समय से पीडीएस चावल की रिसाइक्लिंग का कारोबार कर रहे हैं। सस्ते में खरीदा गया पीडीएस का चावल अरूण ट्रेडर्स के संचालक खरीदते हैं और दूसरे बोरे में पैक कर बाजार में बेच देते हैं। यहां से पीडीएस का चावल आटा बनाने के लिए भी भेज दिया जाता है। इससे पहले भी अरूण ट्रेडर्स में पोर्टीफाइड चावल बड़ी मात्रा में बरामद हुआ था, जिसके बाद अरूण ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। फिलहाल प्रशासनिक टीम ने गोदाम की जांच नहीं की है। बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में पीडीएस का चावल रखा गया है। कार्रवाई में शामिल खाद्य अधिकारी शिवेंद्र कुमार कामटे ने बताया कि जांच में दुकान के बाहर मिला चावल पीडीएस का है। संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। गोदाम की जांच की जाएगी और पीडीएस का चावल मिला तो उसे भी जब्त किया जाएगा।
Source link
अरूण ट्रेडर्स से जब्त हुआ PDS का चावल, गोदाम सील:अंबिकापुर में खाद्य विभाग-राजस्व अमले ने मारा छापा, दुकान बंद कर भागा संचालक
