![]()
डीडवाना उपखंड क्षेत्र के निंबी खुर्द ग्राम पंचायत के विजयनगर गांव में कथित अवैध हड्डी एवं चमड़ा प्रसंस्करण फैक्ट्री के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया है। फैक्ट्री से फैल रही दुर्गंध और प्रदूषण से परेशान ग्रामीणों व किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन व फैक्ट्री संचालक के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक, एसडीएम और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने फैक्ट्री को तत्काल बंद करवाने और पूरे मामले की जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि संचालित यह फैक्ट्री विजयनगर आबादी क्षेत्र और आसपास की ढाणियों से लगभग 400 मीटर दूर स्थित है। उनका आरोप है कि फैक्ट्री से दिन-रात निकलने वाली असहनीय दुर्गंध और विषैले धुएं से क्षेत्रवासियों को गंभीर परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता व्यक्त की है। दुर्गंध के कारण आसपास के किसान खेतों में काम करने में भी कठिनाई महसूस कर रहे हैं। फैक्ट्री के पास से गुजरने वाले आम रास्तों और मनरेगा सड़कों पर भी बदबू के चलते ग्रामीणों और राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन को यह भी बताया कि निंबी खुर्द और विजयनगर गांव की आम सभा में फैक्ट्री को बंद करवाने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पहले ही पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में रोष लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभागों की एक संयुक्त टीम गठित कर फैक्ट्री के भूमि उपयोग, प्रदूषण नियंत्रण संबंधी स्वीकृतियों और अन्य वैध अनुमतियों की निष्पक्ष जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर फैक्ट्री को तत्काल सील कर संचालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, तो वे उग्र आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने को मजबूर होंगे।
Source link
अवैध फैक्ट्री के खिलाफ ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन:प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जांच कराने और बंद करने की मांग
