अवैध शराब तस्करी पर होगी कार्रवाई



जांजगीर | जांजगीर-चांपा जिले में प्रशासनिक कसावट और जनहितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे पूरी तरह सख्त नजर आ रहे हैं। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कामकाज की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में आबकारी विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर महोबे ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर जब्ती और नष्टीकरण की कार्रवाई की जाए। यदि कहीं से भी अवैध शराब के संचालन की शिकायत मिलती है, तो संबंधित विभाग तुरंत स्थल पर पहुंचकर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे। कलेक्टर ने जिले की सड़कों की वस्तुस्थिति का जायजा लेते हुए निर्माण विभागों के अधिकारियों से मरम्मत योग्य सड़कों, स्वीकृत कार्यों, टेंडर प्रक्रिया और कार्य शुरू होने की संभावित तारीखों की विस्तृत रिपोर्ट ली। उन्होंने सभी सड़क मरम्मत और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों में रोजगार मेला और लोन मेला लगाने की व्यापक तैयारी करने को कहा गया, ताकि पंचायत, उद्योग, रोजगार और बैंक विभाग आपसी समन्वय से अधिक से अधिक युवाओं और हितग्राहियों को स्वरोजगार व ऋण सुविधाओं का लाभ दिला सकें। बैठक और जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जनदर्शन में उमड़ी भीड़, 65 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के आदेश: समय-सीमा बैठक के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *