![]()
मानसून सत्र में पहले दिन सदन की समाप्ति के बाद स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो के कक्ष में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर मौजूद थे। बैठक में मानसून सत्र के कार्य अवधि संक्षिप्त होने के कारण राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर यदि आवश्यकता पड़ी तो वाद-विवाद का समय एक-दो घंटे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि शुक्रवार को सदन में पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा, जिस पर 2 घंटे का वाद विवाद का समय निर्धारित है। मानसून सत्र संक्षिप्त कार्य अवधि का है। ऐसे में किसानों के मुद्दे या छात्रों का मामला सहित राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर यदि आवश्यकता पड़ी तो सदन की कार्य अवधि एक-दो घंटे के लिए बढ़ाई जा सकती है, इस पर सहमति बनी है। सरकार की ओर से मानसून सत्र के दूसरे दिन चालू वित्तीय वर्ष का पहला अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखा जाएगा। अनुपूरक बजट पर सदन में वाद-विवाद के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। आठ और नौ अगस्त को शनिवार और रविवार की वजह से अवकाश रहेगा। वहीं 10 अगस्त को पहली पाली में प्रश्नकाल तथा दूसरी पाली में अनुपूरक बजट पर वाद-विवाद के बाद संबंधित विनियोग विधेयक सदन से पारित कराया जाएगा। 11 अगस्त को पहली पाली में प्रश्नकाल तथा दूसरी पाली में राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे। सत्र के अंतिम दिन 12 अगस्त को पहली पाली में प्रश्नकाल तथा दूसरी पाली में राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे तथा गैर सरकारी संकल्प पेश किए जाएंगे।
Source link
आज अनुपूरक बजट पेश होगा:छात्रों व किसानों के मुद्दे पर चर्चा के लिए सदन में बढ़ेगा समय: राधाकृष्ण किशोर
