![]()
टीकमगढ़ के चंदेरा में जलविहार महोत्सव के मेले में तैनात पुलिस आरक्षक का हंगामा करते हुए वीडियो सामने आया है। घटना रविवार रात की बताई जा रही है, जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आया है। दुकानदारों ने आरक्षक पर शराब के नशे में मारपीट करने और पैसे मांगने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरक्षक को थाने लाकर घटना की जांच रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी है। वीडियो में आरक्षक को संभालता दिखा व्यक्ति वीडियो में चंदेरा थाने में पदस्थ आरक्षक दिनेश अहिरवार को एक व्यक्ति पकड़े हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वह आरक्षक का परिजन है। वीडियो में आरक्षक सिविल ड्रेस में मेले में हंगामे की स्थिति में नजर आ रहा है। दुकानदारों के मुताबिक, रविवार रात आरक्षक मेले में पहुंचा था। दुकान से जुड़े विवाद के दौरान उसने कुछ दुकानदारों से पैसे मांगे और मारपीट की। थाना प्रभारी आरक्षक को थाने ले गईं सूचना मिलने के बाद चंदेरा थाना प्रभारी रश्मि जैन मौके पर पहुंचीं और आरक्षक को थाने ले गईं। थाना प्रभारी के अनुसार, मेले में विवाद और दुकानदारों के विरोध के बाद आरक्षक को थाने लाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना का जांच प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारी स्तर से की जाएगी। मामले में अभी तक किसी दुकानदार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इसलिए मारपीट और पैसे मांगने के आरोपों पर पुलिस की ओर से कोई अलग कानूनी कार्रवाई दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है। एडिशनल एसपी बोले- अभी जानकारी नहीं एडिशनल एसपी विक्रम सिंह ने कहा कि फिलहाल उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। थाना प्रभारी से जानकारी लेने के बाद ही वे इस संबंध में कुछ बता सकेंगे।
Source link
मेले में शराब पीकर आरक्षक ने की मारपीट:दुकानदारों ने जबरन वसूली का आरोप लगाया; थाना प्रभारी बोलीं- जांच रिपोर्ट अफसरों को सौंपी
