Headlines

उकलाना MLA नरेश सेलवाल अधीनस्थ विधान समिति के सदस्य नामित:विधानसभा सचिव ने जारी की अधिसूचना, वर्ष 2026-27 की शेष अवधि तक निभाएंगे दायित्व




उकलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश सेलवाल को हरियाणा विधानसभा की अधीनस्थ विधान समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में नामित किया गया है। इस संबंध में हरियाणा विधानसभा सचिवालय द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष के इस निर्णय को विधायक सेलवाल की सक्रिय विधायी भूमिका और बढ़ते राजनीतिक दायित्वों के रूप में देखा जा रहा है। जारी अधिसूचना के अनुसार, यह नियुक्ति 29 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। वर्ष 2026-27 की शेष अवधि के लिए विधायक अनिल यादव को समिति का सदस्य तथा विधायक नरेश सेलवाल को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। हरियाणा विधानसभा सचिव ने जारी की अधिसूचना हरियाणा विधानसभा के सचिव राजीव प्रसाद द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति विधानसभा अध्यक्ष के आदेशों के अनुपालन में की गई है। अधिसूचना को हरियाणा राजपत्र के असाधारण अंक में प्रकाशित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही इसकी प्रतियां सभी विधायकों, संबंधित विभागों तथा मान्यता प्राप्त समाचार प्रतिनिधियों को भेजी गई हैं। अधीनस्थ विधान समिति विधानसभा की महत्वपूर्ण समितियों में से एक मानी जाती है। यह समिति सरकार द्वारा बनाए गए विभिन्न नियमों, विनियमों, अधिसूचनाओं एवं उप-विधानों की समीक्षा कर यह सुनिश्चित करती है कि वे विधानसभा द्वारा पारित मूल कानूनों की भावना और प्रावधानों के अनुरूप हों। आवश्यकता पड़ने पर समिति अपनी अनुशंसाएं भी विधानसभा के समक्ष प्रस्तुत करती है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधायक नरेश सेलवाल को इस समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया जाना विधानसभा की कार्यवाही में उनकी सक्रिय भागीदारी और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति विश्वास का प्रतीक है। क्षेत्र के समर्थकों ने भी इस नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उकलाना विधानसभा क्षेत्र के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *