Headlines

उत्तराखंड आबकारी के कर्मचारियों ने गायब किया चोरी का माल:नेपाल भागे आरोपियों ने दी हिमाचल के पीड़ित को सूचना, डीएम ने दिए निलंबन के आदेश




ऊधम सिंह नगर जिले में तैनात आबकारी विभाग की एक टीम पर चोरी का माल गायब करने का आरोप लगा है। दरोगा समेत चार कर्मचारियों ने यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर में चेकिंग के दौरान नेपाल निवासी महिला और उसके साथी से हिमाचल से चोरी हुई तिजोरी और नकदी ले ली। हिमाचल प्रदेश की शिमला के एसएचओ त्रिलोचन नेगी के नेतृत्व में हिमाचल पुलिस की टीम रुद्रपुर पहुंची। उन्होंने स्थानीय पुलिस की मदद से कार्रवाई की। इसके बाद चारों आबकारी कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया और हिमाचल पुलिस उन्हें अपने साथ शिमला ले गई। अब हिमाचल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने चारों कर्मचारियों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए हैं। अब जानिए क्या है पूरा मामला? चेकिंग के दौरान सामान किया जब्त
9 सितंबर को शिमला में चोरी की एक घटना के बाद आरोपी गहने और नकदी लेकर नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे। वे उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा से गुजर रहे थे। रामपुर बॉर्डर के पास आबकारी टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार में नेपाल निवासी करिश्मा और उसका साथी मिले। कार में टूटी हुई तिजोरी भी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान दोनों डर गए और शिमला में चोरी की बात कबूल की। जिसके बाद आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने महिला और उसके साथी से 80 हजार रुपए और करीब आधा किलो सोना ले लिया और उन्हें छोड़ दिया। चोरों ने दी पीड़ित को सूचना
जिसके बाद महिला और उसका साथी नेपाल चले गए। नेपाल पहुंचने के बाद उन्होंने शिमला में चोरी हुए घर के मालिक से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। आरोपियों ने बताया कि उत्तराखंड में चेकिंग के दौरान उनके साथ क्या हुआ और कैसे उनका सामान व नकदी ले ली गई। शिमला में पुलिस करेगी पूछताछ
गिरफ्तार आरोपियों में आबकारी विभाग के दरोगा देवेंद्र कुमार, कांस्टेबल बलजीत सिंह, उपनल कर्मचारी पप्पू लाल और पीएलडी जवान नईम शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश के शिमला सदर थाने में दर्ज FIR संख्या 117/2026, दिनांक 8 सितंबर 2026 में विभिन्न धाराओं के तहत मामले की विवेचना की जा रही है। चारों को 20 सितंबर की रात करीब 23:55 बजे गिरफ्तार किया गया और गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई। आज सभी को पूछताछ के लिए हिमाचल पुलिस सभी को अपने साथ ले गई। चारों कर्मचारियों के निलंबन के आदेश जारी
जिला आबकारी प्रभारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर चारों कर्मचारियों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए हैं और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस और संबंधित विभाग ने हिमाचल पुलिस को सहयोग करते हुए चारों को हिरासत में लेकर सौंपा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *