Headlines

उन्नाव में साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित:छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए




उन्नाव में बुधवार दोपहर को एसपी जयप्रकाश सिंह के निर्देशन में किंगसन इंटर कॉलेज में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को बढ़ते साइबर अपराधों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। इस कार्यशाला में साइबर पुलिस टीम ने आधुनिक साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक तरीके बताए और शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह, थाना साइबर पुलिस टीम और सदर कोतवाली की साइबर हेल्पडेस्क टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और फिशिंग जैसे साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। कार्यशाला के दौरान आरक्षी शमसुद्दीन ने विद्यार्थियों को “साइबर अरेस्ट” जैसे नए साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल या फोन के माध्यम से डराने-धमकाने का प्रयास करे और पैसे की मांग करे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को देनी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और सावधानी से उपयोग करने की भी सलाह दी। सदर कोतवाली की साइबर एक्सपर्ट सोनिया शर्मा ने संदिग्ध एपीके फाइलों, अनजान लिंक और फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन से होने वाले खतरों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या अविश्वसनीय स्रोत से ऐप डाउनलोड करने से मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी चोरी हो सकती है। उन्होंने मजबूत पासवर्ड, दो-स्तरीय सुरक्षा (टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन) और साइबर हेल्पलाइन का उपयोग करने की भी जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए एक प्रश्नोत्तरी सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे और विशेषज्ञों से उनके जवाब प्राप्त किए। इससे विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रभारी परिवार परामर्श समिति के डॉ. आशीष श्रीवास्तव द्वारा किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *