Headlines

एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिलेगा चुनाव लड़ने का मौका:कोटा कांग्रेस प्रभारी बोले- टिकट वितरण पर नहीं होगा गुटबाजी का असर, बीजेपी को हार का डर




आगामी स्थानीय नगर निकाय और पंचायत चुनावों की सुगबुगाहट के बीच कोटा कांग्रेस प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने पार्टी की चुनावी रणनीति और टिकट वितरण के फॉर्मूले को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस बार निकाय और पंचायत चुनावों में 50 प्रतिशत सीटों पर युवाओं को उम्मीदवार बनाएगी। युवाओं में एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस के साथ-साथ एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कोटा में टिकट वितरण को लेकर और गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि गुटबाजी से टिकटों के वितरण पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है, कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। मजबूत पकड़ वाले नेता को देंगे टिकट टिकट उसी को मिलेगा जिसकी क्षेत्र में मजबूत पकड़ होगी, जो कांग्रेस का निष्ठावान सिपाही होगा और जिसके पास जीत दर्ज करने का माद्दा होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा निकाय और पंचायत चुनावों का सामना करने से डर रही थी। बीजेपी को अपनी हार का पूरा डर है, इसलिए पिछले दो सालों से तरह-तरह के बहाने बनाकर चुनावों को आगे टाला जा रहा था। कभी ओबीसी जनगणना तो कभी आरक्षण का बहाना बनाया गया। भारद्वाज ने कहा कि न्यायपालिका के कड़े रुख के बाद ही सरकार की नींद खुली है। 80 प्रतिशत से ज्यादा निकायों और पंचायतों में बनेगा कांग्रेस का बोर्ड कांग्रेस की चुनावी तैयारियों का दावा करते हुए पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने पूरे प्रदेश में बिगुल बजा दिया है। सभी जिलों और विधानसभाओं के प्रभारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। कांग्रेस का लक्ष्य प्रदेश के 80 प्रतिशत से अधिक नगर निकायों, जिला परिषदों और पंचायत समितियों में जीत दर्ज कर अपना परचम लहराना है। हर वर्ग भाजपा सरकार से परेशान चुनाव के मुख्य मुद्दों पर बात करते हुए भारद्वाज ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आते ही प्रदेश में कुशासन का दौर शुरू हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है। किसान, महिलाएं, व्यापारी और आम जन इस सरकार से त्रस्त हो चुके हैं। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कुशासन का करारा जवाब देगी जनता उन्होंने कहा कि इन तमाम मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता हर घर तक जाएंगे। भाजपा के नेता और विधायक जनता का सामना करने की स्थिति में नहीं हैं और गांव-ढाणियों में जाने से कतरा रहे हैं। जनता इस चुनाव में भाजपा के कुशासन का करारा जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *