Headlines

एसईसीएल साइडिंग पर मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा:तीन घंटे प्रभावित रहा कोयला परिवहन, मेंटेनेंस अभाव में हादसे की आशंका




कोरबा में एसईसीएल की मानिकपुर रेलवे साइडिंग पर शनिवार को एक मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतर गया। कोयले से भरी यह मालगाड़ी रेलवे की सेकेंड एंट्री पर खड़ी थी। इस घटना के कारण एसईसीएल का कोयला लोडिंग और परिवहन लगभग तीन घंटे तक बाधित रहा। घटना मानिकपुर साइडिंग पर कोयला लोडिंग के बाद मालगाड़ी को पीछे करते समय हुई। रेलवे के सेकेंड एंट्री पॉइंट पर मालगाड़ी के एक डिब्बे का पहिया अचानक पटरी से उतर गया। हालांकि, डिब्बा पूरी तरह नहीं पलटा और कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर लंबे समय से उचित रखरखाव नहीं किया जा रहा है। पटरियों पर गिट्टी और लेवलिंग की समस्या को इस घटना का कारण बताया जा रहा है। कोयला लोडिंग के कारण डिब्बे पर अतिरिक्त भार था, जिससे कमजोर ट्रैक पर पहिया उतर गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और एसईसीएल के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे की एक्सीडेंटल रिलीफ ट्रेन की टीम को बुलाया गया। राहत टीम ने उपकरणों की मदद से लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद डिब्बे के पहिए को वापस पटरी पर चढ़ाया। इस घटना के कारण मानिकपुर साइडिंग पर कोयला लोडिंग का काम पूरी तरह ठप हो गया। लोडेड रैक भी अपने गंतव्य तक नहीं जा सके, जिससे एसईसीएल को राजस्व नुकसान की आशंका है। घटना के बाद रेलवे और एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा जांच के निर्देश दिए हैं। रेलवे सूत्रों के अनुसार, घटना के कारणों की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ट्रैक मेंटेनेंस में सुधार किया जाएगा। इस घटना का कोयला उत्पादन और डिस्पैच पर अस्थायी असर पड़ा। शाम तक स्थिति सामान्य कर ली गई और लोडिंग का काम फिर से शुरू हो गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *