![]()
सिरसा जिला के ऐलनाबाद क्षेत्र में धर्मकांटा संचालक समझकर युवक पर गोली चलाने के प्रयास के चर्चित मामले में पुलिस को सफलता मिली है। सीआईए ऐलनाबाद ने इस वारदात में शामिल दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस के अनुसार, गांव मौजूखेड़ा निवासी सुरेंद्र कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। सुरेंद्र गांव कुमथला स्थित ममेरां रोड पर एक डिजिटल धर्मकांटा पर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। 7 अप्रैल 2026 को सुरेंद्र धर्मकांटा के बाहर बैठा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और धर्मकांटा मालिक के बारे में पूछताछ की। जल्दबाजी में सुरेंद्र ने स्वयं को मालिक बता दिया। इस पर बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पिस्तौल निकाल कर उस पर गोली चला दी, जो उसके बाएं घुटने के पास लगी। घायल होने के बावजूद सुरेंद्र ने भागकर अपनी जान बचाई, जबकि दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। एसपी ने किया था टीमों का गठन घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान सीआईए ऐलनाबाद ने दूसरे वांछित आरोपी लक्ष्मणदास उर्फ जोबन निवासी गांव सलारपुर को गिरफ्तार किया। बता दें कि, इससे पहले, 5 अगस्त को पुलिस ने मामले के पहले आरोपी रमनदीप उर्फ लाहोरिया निवासी जीवननगर को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया था। उसकी निशानदेही और पूछताछ के आधार पर ही पुलिस दूसरे आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने, वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने और इसके पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है।
Source link
ऐलनाबाद में युवक पर गोली चलाने वाला अरेस्ट:धर्मकांटे के बाहर बैठा, बाइक पर आए हमलावर, एक पहले ही पकड़ा जा चुका
