![]()
टीवी शो ‘बिग बॉस 20’ के दूसरे ‘वीकेंड का वार’ में शनिवार को ट्रोलर्स पर जमकर भड़के। सलमान खान ने बॉडी-शेमिंग और एज-शेमिंग पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें भी ‘बूढ़ा हो गया’ कहा गया है। इसके बाद सलमान ने बीच शो में अपनी टी-शर्ट उतारकर एब्स दिखाए। बता दें कि सलमान की टिप्पणी हाल ही कटरीना कैफ की हुई ट्रोलिंग के बाद आई। दरअसल, सलमान ने शनिवार के एपिसोड में कंटेस्टेंट स्काउटओपी के सोशल मीडिया और गेमिंग कम्युनिटी से जुड़े बयान का जिक्र किया। सलमान ने कहा कि सोशल मीडिया आज एक बड़ा प्रोफेशन बन चुका है। गेमिंग, कंटेंट क्रिएशन, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया के दूसरे कामों के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार और पहचान मिल रही है, लेकिन इसी प्लेटफॉर्म का एक दूसरा पहलू ट्रोलिंग भी है। सलमान ने समझाया कि जब कोई व्यक्ति आगे बढ़ रहा होता है तो उसे नीचे खींचने की कोशिश अक्सर वही लोग करते हैं जो खुद पीछे रह गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को आप गाली दे रहे हैं, जिसके शरीर और वजन पर टिप्पणी कर रहे हैं, जिसके लुक्स का मजाक उड़ा रहे हैं, वही व्यक्ति कहीं न कहीं आपके कंटेंट और कमाई का हिस्सा बन रहा है। ‘उसके जिस्म, वजन और लुक्स पर गंदा लिख रहे हो’ सलमान ने ट्रोलिंग के कई रूप गिनाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग किसी के जिस्म, वजन, लुक्स, खानदान, मुस्कान, फ्लॉप होने या मां बनने तक पर टिप्पणी करने लगे हैं। उन्होंने ऐसे कमेंट्स का जिक्र करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी को ‘भद्दी लग रही है’, ‘मोटी हो गई है’ या ‘बूढ़ा हो गया है’ जैसी बातें कही जाती हैं। ‘जब अपनी शक्ल से ही परेशान हो तो दूसरे को क्यों देखते हो?’ सलमान ने ट्रोलर्स से सवाल किया कि अगर कोई व्यक्ति अपनी शक्ल या शरीर को लेकर इतना असहज है कि उसे अपनी पहचान से परेशानी होती है, तो वह किसी ऐसे व्यक्ति के शरीर और लुक्स पर टिप्पणी क्यों करता है, जिससे वह शायद कभी मिला भी नहीं है?
सलमान ने ट्रोलिंग करने वालों के परिवारों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ट्रोल करने वालों के अपने घर में भी मां, पिता, बहन, पत्नी, गर्लफ्रेंड, बेटी या भाई हो सकते हैं। ऐसे में उन्हें सोचना चाहिए कि अगर इसी तरह की टिप्पणी उनके अपने परिवार के किसी सदस्य के बारे में की जाए तो उन्हें कैसा लगेगा। ‘मेरे ऊपर भी हुआ था- बूढ़ा हो गया’ इसके बाद सलमान ने अपनी उम्र और लुक्स को लेकर हुई ट्रोलिंग का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके बारे में भी सोशल मीडिया पर लगातार लिखा जाता है कि वह बूढ़े हो गए हैं। सलमान ने इस पर कहा कि ‘बूढ़ा हो गया, ऑफकोर्स 60 साल का हो गया हूं।’ उन्होंने इस बात को स्वीकार करते हुए कहा कि उम्र बढ़ना स्वाभाविक है। इसके बाद सलमान ने मंच पर अपनी टोपी और जैकेट उतार दी।
महिलाओं की बॉडी पर कमेंट करने वालों को भी जवाब सलमान ने महिलाओं के शरीर को लेकर होने वाली ऑनलाइन टिप्पणियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब कोई महिला मां बनती है तो प्रेग्नेंसी के दौरान वजन बढ़ना स्वाभाविक है। उन्होंने सवाल किया कि किसी महिला के मां बनने के बाद उसके शरीर में आए बदलावों को लेकर लोग उसे क्यों ट्रोल करते हैं? सलमान ने कहा कि जब वह महिला दोबारा काम पर लौटेगी तो वह अपनी फिटनेस पर भी ध्यान दे सकती है, लेकिन यह उसका निजी फैसला है कि वह अपने परिवार के साथ कितना समय बिताना चाहती है और अपने शरीर के साथ क्या करना चाहती है। ‘सोशल मीडिया का इस्तेमाल मोहब्बत फैलाने के लिए भी हो रहा’ सलमान ने यह भी साफ किया कि वह सोशल मीडिया को पूरी तरह नकारात्मक नहीं मानते। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर बहुत से लोग अच्छा काम कर रहे हैं।
‘अगर मैं अपने फैन क्लब को बोल दूं तो?’ सलमान ने ट्रोलिंग के खतरनाक पहलू की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि अगर वह अपने फैन क्लब से कह दें कि उनके बारे में गलत बातें लिखने वाले कुछ लोगों की पहचान सामने लाओ, तो उनके बारे में काफी निजी जानकारी सामने आ सकती है। सलमान ने एक पुराना किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि करीब 8-10 साल पहले एक व्यक्ति उनके बारे में बेहद आपत्तिजनक बातें लिख रहा था। उन्होंने साइबर सेल की मदद से उस व्यक्ति की पहचान और पता निकलवाया और उसके घर तक पहुंच गए। सलमान के मुताबिक, उस व्यक्ति के माता-पिता पढ़े-लिखे थे और परिवार में अन्य सदस्य भी थे। उन्होंने उस व्यक्ति से कहा कि अगर वह चाहे तो उसकी पहचान और उसके परिवार के बारे में जानकारी सार्वजनिक कर सकते हैं। सलमान ने बताया कि इसके बाद उस व्यक्ति ने उनसे माफी मांगी। सलमान खान ने कहा कि किसी के वजन बढ़ने या घटने को लेकर चिंता जताना अलग बात है, लेकिन किसी का मजाक उड़ाना या उसके लुक्स को लेकर लगातार टिप्पणी करना ठीक नहीं है। सलमान ने कहा कि सोहेल खान, वरुण धवन और इंडस्ट्री के दूसरे लोगों को लेकर भी ट्रोलिंग की जाती है और कई बार ट्रोलर्स को किसी की ड्रेस, लुक या निजी जिंदगी में कमी निकालने का मौका मिल जाता है।
सलमान ने कहा कि ट्रोलर्स सिर्फ कलाकारों को ही नहीं, बल्कि एक्टर्स, इंफ्लुएंसर्स और राजनेताओं को भी निशाना बनाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी का काम पसंद नहीं है तो सीधे कहा जा सकता है कि काम अच्छा नहीं लगा या फिल्म पसंद नहीं आई। किसी मंत्री के काम पर भी सवाल उठाया जा सकता है, लेकिन इसके लिए गाली देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें खुद भी ट्रोल किया जाता है। कभी उनके बाल या लुक को लेकर कहा जाता है कि वह टकले हो गए हैं, जबकि वह किसी फिल्म के लुक का हिस्सा हो सकता है। सलमान ने कहा कि वह आलोचना को अपने फायदे में बदलने की कोशिश करते हैं। उनकी तारीफ की जाए तो वह और बेहतर करने की कोशिश करते हैं और बुराई की जाए तो खुद को गलत साबित करने की कोशिश करते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति एक जैसा नहीं होता। कई लोग लगातार झूठी और अपमानजनक टिप्पणियों से डिप्रेशन में चले जाते हैं। सलमान खान ने कहा, “नहीं देखना आपको पिक्चर, मत देखो। ये नया आया है कि हमारी वजह से तुम बने हो, ये बने हो। हम फैंस को रिस्पेक्ट देते हैं, इसका मतलब ये है कि तुम हमारे साथ ऐसा करो? टिकट खरीदी आपने पिक्चर देखने के लिए, हमको थोड़ी खरीदा है आपने यार। हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश करते हैं, ताकि आपको पिक्चर में मजा आए।” बिग बॉस 20 के ‘वीकेंड का वार’ का एक प्रोमो सामने आने के बाद सलमान खान की तबीयत को लेकर दर्शक चिंतित हो गए। प्रोमो में सलमान सीने को पकड़कर दर्द में नजर आए। इससे लगा कि उन्हें कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई है। जिसके बाद देर रात सलमान ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा कि उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है। सलमान ने बताया कि प्रोमो को जिस तरह एडिट किया गया, उससे पूरे सीन का मतलब बदल गया। उनके मुताबिक, ऐसा लग रहा था कि वह भी वही कर रहे हैं, जो शो के कंटेस्टेंट काजी ने किया था। दरअसल, काजी तौकीर ने एक टास्क के बाद अपनी तबीयत खराब होने का नाटक किया था। उन्होंने दवाइयों के लिए जोर से कहा, जिससे घर के बाकी कंटेस्टेंट परेशान हो गए। बाद में मेडिकल रूम में उन्होंने डॉक्टर को बताया कि उन्हें कुछ नहीं हुआ था और वह गेम के तहत ऐसा कर रहे थे। सलमान ने कहा कि उनका सीने में दर्द दिखाने वाला एक्ट काजी को यह समझाने के लिए था कि बीमारी का नाटक करना गलत है। उन्होंने कहा कि घर के 15 कंटेस्टेंट काजी की एक्टिंग से अनजान थे और उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए थे। सलमान ने प्रोमो की एडिटिंग के लिए माफी मांगी और कहा कि उनकी सेहत बिल्कुल ठीक है।
Source link
कटरीना की ट्रोलिंग के बाद भड़के सलमान:बोले- मुझे भी कहा गया- बूढ़ा हो गया; बीच शो में उतारी टी-शर्ट, दिखाए एब्स
