![]()
कपूरथला में पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के संविदा कर्मचारियों की सोमवार से जारी हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। सरकार के साथ हुई उनकी बैठक बेनतीजा समाप्त हुई, जिसके बाद कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। रोडवेज, पनबस-पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन ने घोषणा की है कि मंगलवार को मोहाली से चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास की ओर विरोध मार्च निकाला जाएगा। यूनियन के प्रदेश सीनियर उपप्रधान गुरमीत सिंह पन्नू ने बताया कि संविदा कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समाधान न होने के कारण कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है। हड़ताल से यात्रियों को हो रही परेशानी राज्य में पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के पास कुल 2,900 से अधिक बसों का बेड़ा है। इनमें से 1,694 बसें पंजाब रोडवेज-पनबस और 1,304 बसें पीआरटीसी के तहत संचालित होती हैं। ये बसें 1,000 से अधिक स्थानीय और अंतरराज्यीय मार्गों पर यात्रियों को सेवाएँ प्रदान करती हैं। अकेले पीआरटीसी की बसें 577 से अधिक मार्गों पर चलती हैं। पंजाब के अतिरिक्त, ये बसें दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश तक यात्रियों को सुविधाएँ देती हैं। इस हड़ताल के जारी रहने से हजारों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
Source link
कपूरथला में बस कर्मचारियों का आंदोलन जारी:बैठक विफल, CM आवास घेरने का ऐलान; 2900 से ज्यादा बसें प्रभावित
