Headlines

डैनी बोले-कांग्रेस में कलह नहीं, हाईकमान का फैसला सर्वोपरि:वड़िंग के इस्तीफे पर कार्यकारी प्रधान ने रखी राय; कहा-राहुल जल्द करेंगे पंजाब का दौरा




पंजाब कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी प्रधान सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे, पार्टी में कथित गुटबाजी और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। अमृतसर में मीडिया से बातचीत के दौरान डैनी बंडाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में किसी तरह की कोई कलह नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस एक परिवार की तरह है और सभी नेता व कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज से परेशान है और 2027 में कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। गांवों और कस्बों का दौरा करेंगे डैनी बंडाला ने कहा कि वह जब भी गांवों और कस्बों का दौरा करते हैं तो लोगों में कांग्रेस के प्रति उत्साह और समर्थन देखने को मिलता है। पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। संगठन में बदलाव पर हाईकमान का फैसला पार्टी में संगठनात्मक बदलाव और गुटबाजी के सवाल पर डैनी बंडाला ने कहा कि कांग्रेस में सभी फैसले लेने का अधिकार हाईकमान के पास है। संगठन में बदलाव करना और नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपना भी हाईकमान का फैसला है। एक अनुशासित कार्यकर्ता के तौर पर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को इन फैसलों को स्वीकार कर उन्हें जमीनी स्तर पर लागू करना चाहिए। राहुल गांधी के पंजाब दौरे की संभावना उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का पंजाब से गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। वह कई बार गोल्डन टेंपल में माथा टेकने के साथ सेवा भी कर चुके हैं। राहुल गांधी किसानों, मजदूरों, दलितों और आम लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझते हैं। जल्द ही उनका पंजाब दौरा तय होने की संभावना है और वह चुनाव प्रचार में भी हिस्सा लेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *