![]()
कपूरथला पुलिस ने काला संघियां स्थित लुंबा हैंडलूम की दुकान पर हुई फायरिंग के मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से 7.62 एमएम के चार खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दूसरे आरोपी की भी पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। एसपी (जांच) हरिंदर सिंह गिल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 8 अगस्त की रात करीब एक बजे दो बाइक सवार अज्ञात युवकों ने गांव काला संघियां स्थित लुंबा हैंडलूम की दुकान पर गोलियां चलाई थीं। इस संबंध में आलमगीर निवासी कुलदीप कुमार लुंबा की शिकायत पर थाना सदर कपूरथला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 और आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत मामला दर्ज किया गया था। सूचना के आधार पर आरोपी गिरफ्तार मामले की जांच के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई थीं। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरदासपुर के शाहले चक निवासी अमरजीत सिंह को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान यह सामने आया कि शिकायतकर्ता का बेटा इंग्लैंड में रहता है और उसका गुरदासपुर जिले के डेयरीवाल गांव निवासी करनदीप सिंह के साथ आर्थिक विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अमरजीत सिंह ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उसने करनदीप सिंह के भाई हरमनदीप सिंह के कहने पर लुंबा हैंडलूम की दुकान पर फायरिंग की थी। पुलिस ने फायरिंग में शामिल दूसरे व्यक्ति की भी पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। एसपी हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि मामले में बरामद चार खाली कारतूसों की आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link
कपूरथला में लुंबा हैंडलूम फायरिंग केस सुलझा:मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 7.62 एमएम के चार खाली कारतूस बरामद; दूसरे आरोपी की तलाश जारी
