Headlines

करनाल में केंद्रीय मंत्री ने साधा विपक्ष पर निशाना:मनोहर लाल बोले- व्यक्ति का चरित्र जैसा होता है, वैसी ही बातें करता है




केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल शनिवार को करनाल प्रवास के दौरान टिकरी कैलाश गांव स्थित हॉकी खेल स्टेडियम में मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम में उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और हॉकी मैच का शुभारंभ किया। सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा सज्जन सिंह को रोल मॉडल बताए जाने के बयान पर सवाल पूछे जाने पर मनोहर लाल ने कहा कि सभी मीडिया साथियों को पूरे मामले और हंगामे की जानकारी है। वह इसमें कोई नई बात नहीं जोड़ना चाहते। उन्होंने कहा कि जिसका जिस प्रकार का चरित्र होता है, वह उसी प्रकार की बातें करता है। मनोहर लाल ने कहा कि सज्जन सिंह के बारे में मीडिया के सभी लोगों को पता है कि उन पर किस तरह के आरोप लगे, कैसे वे कटघरे में खड़े हुए और किस तरह दोषी पाए गए। इसके बावजूद सज्जन सिंह का इस प्रकार के शब्दों में व्याख्यान करना कहीं भी और किसी भी तरीके से सही नहीं है। नेपाल की त्रासदी पर बोले- भारत जरूरत के अनुसार करेगा सहयोग नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा को लेकर मनोहर लाल ने कहा कि वहां बहुत बड़ी प्राकृतिक त्रासदी आई है। इससे पहले शायद कभी नेपाल में इस तरह की स्थिति देखने को मिली हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नेपाल में हजारों लोग लापता हैं और मौतों का सटीक आंकड़ा भी सामने नहीं आ पा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि आपदा में बड़े स्तर पर जान-माल का नुकसान हुआ है। नेपाल छोटा देश है और उसके लिए इस आपदा से उभरना कठिन होगा। दुनियाभर के देश नेपाल की सहायता के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे नेपाल की ओर से आवश्यकता सामने आएगी, भारत भी सहयोग करेगा। सफाई कर्मचारियों की मांगों पर जल्द समाधान की उम्मीद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मुद्दे को सुलझाने के लिए प्रदेश के लोग लगे हुए हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की पहले भी बहुत सी मांगें पूरी की जा चुकी हैं और जो मांगें बाकी रह गई हैं, उन्हें मानने के लिए सरकार तैयार है। विधानसभा में व्यवधान को बताया अच्छी परंपरा नहीं हरियाणा विधानसभा में हुए प्रकरण को लेकर मनोहर लाल ने कहा कि राजनीतिक तौर पर यह अच्छी परंपरा नहीं है कि छोटे सेशन में भी इस तरह व्यवधान डाला जाए। विपक्ष को जनता के हित से जुड़े मुद्दे विधानसभा में उठाने चाहिए। उनकी जगह वहां इस प्रकार प्रदर्शन करना सही नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि विधानसभा ऐसा स्थान है जहां लोगों की समस्याएं और उनके मुद्दे उठाए जाने चाहिए। सरकार की कोई कमी है तो विपक्ष को उसे भी सदन में बताना चाहिए। त्रिवेणी लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम की शुरुआत में मनोहर लाल सहित अन्य अतिथियों ने खेल स्टेडियम परिसर में त्रिवेणी लगाई। इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण और परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कैथल और करनाल के बीच होने वाले हॉकी मैच के खिलाड़ियों से उन्होंने मैदान में पहुंचकर परिचय किया। इसके बाद स्वयं हॉकी से गेंद पर शॉट मारकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
1936 में भारत को दिलाया था गोल्ड मेडल मनोहर लाल ने कहा कि आज का दिन गौरवशाली है, क्योंकि आज हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती है। उन्होंने कहा कि देश के होनहार खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद ने आजादी से पहले वर्ष 1936 में, यानी आज से 90 वर्ष पहले, भारतीय हॉकी टीम को गोल्ड मेडल दिलाया था। यह सभी देशवासियों के लिए गर्व की बात है। मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। इन खिलाड़ियों और पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने खिलाड़ियों और अन्य प्रतिभाओं को मेजर ध्यानचंद अवार्ड देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में शमशेर सिंह (कबड्डी), भीम अवार्डी हरप्रीत सिंह (शूटिंग), अरुण (स्पेशल ओलंपिक रोलर), प्रदीप (घुड़सवारी), रीना रानी (पैरा एथलेटिक्स), सोनिया (हैंडबॉल), अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं अर्जुन अवार्डी दीपिका, जसबीर (हॉकी), हरप्रीत सिंह (अंडर-18 एशियन गोल्ड मेडलिस्ट), तमन्ना (बॉक्सिंग में यूथ एशियन सिल्वर मेडलिस्ट), राजीव (तलवारबाजी में पैरा कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप मेडलिस्ट), शुभम चौधरी (वॉलीबॉल), हॉकी के नेशनल मेडलिस्ट रोहताश मलिक, लखबीर सिंह (एसएचओ मधुबन), दिनेश मान, नितिन मलिक, अजय (एएसआई), सुरेंद्र प्रताप (कोच), इंद्रपाल सिंह, परविंद्र सिंह, निशान सिंह, सूरज और करनाल हॉकी अकादमी से करण मेहला शामिल रहे। कैथल ने करनाल को 2-1 से हराया राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कैथल और करनाल की टीमों के बीच हॉकी प्रतियोगिता कराई गई। मुकाबले में कैथल की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए करनाल को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों ने उनका उत्साह बढ़ाया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *