Headlines

करमा पूजा के लिए फूल तोड़ने गए शख्स की मौत:डुमरी के तालाब में हुआ हादसा, विधायक जयराम महतो ने परिजनों को ढांढस बंधाया




गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के कल्हाबार पंचायत अंतर्गत लुशियों गांव में मंगलवार को एक दुखद घटना हुई। यहां तालाब में डूबने से 48 वर्षीय सुरेश हेंब्रम की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में दुख का माहौल है। बताया गया कि सुरेश हेंब्रम करमा पूजा के लिए सुबह तालाब से कमल फूल तोड़ने गए थे। इसी दौरान तालाब के किनारे उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में जा गिरे। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी कोशिशों के बाद सुरेश हेंब्रम को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तुरंत डुमरी रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत बताया। गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया सूचना मिलने पर डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटना के संबंध में आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो मृतक के लुशियों स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने दुखित परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और उन्हें हिम्मत दी। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से बात की और सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी कहा। विधायक ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने मृतक की आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति मिलने की कामना की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *