![]()
करौली नगर परिषद के 55 वार्डों में पार्षद पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया में तेजी आई है। शनिवार को 168 प्रत्याशियों ने 241 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही अब तक कुल 172 प्रत्याशियों द्वारा 246 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा चुके हैं। नामांकन दाखिल करने के लिए शनिवार को रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में उम्मीदवारों की भीड़ उमड़ पड़ी। रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) राकेश कुमार रावत ने पुष्टि की कि शनिवार को 168 अभ्यर्थियों ने 241 नामांकन पत्र जमा किए हैं। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने के लिए अभी एक दिन शेष है। गौरतलब है कि करौली नगरपरिषद के 55 वार्डों के लिए नामांकन दाखिले के पहले दिन, 27 अगस्त को केवल 4 प्रत्याशियों ने 5 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। पार्षद पद का चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र जमा कराने के लिए कतार में लगना पड़ा। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने से पहले आवश्यक दस्तावेजों और नामांकन की जांच कराने के लिए भी प्रत्याशियों को इंतजार करना पड़ा। कलेक्ट्रेट परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार को मुख्य द्वार पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए। इन पुलिसकर्मियों ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे प्रत्याशियों के वाहनों को बाहर ही रोक दिया, जिससे परिसर में भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके।
Source link
करौली में 168 प्रत्याशियों ने 241 नामांकन पत्र भरे:नगर परिषद के 55 वार्डों में पार्षद के लिए अब तक 246 फॉर्म जमा
