![]()
बिलासपुर जिले में कलेक्टर जनदर्शन के दौरान मजदूरी भुगतान, मुआवजा और मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। इसके अलावा, जिंदल पॉवर एंड स्टील कंपनी में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग और फ्लाई ऐश से किसानों के खेत बर्बाद होने जैसे मुद्दे भी उठे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी शिकायतें सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम गोड़ाडीह के संतनु कुमार कुर्रे और अन्य ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि गोड़ाडीह में स्थित जिंदल पावर एंड स्टील कंपनी में स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग को लेकर पहले भी प्रदर्शन हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार, कंपनी ने स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने का वादा किया था। हालांकि, अब तक बेरोजगार युवाओं को उम्मीद के मुताबिक रोजगार नहीं मिला है। उन्होंने कंपनी पर उचित कार्रवाई कर स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को आवेदन सौंपकर कार्रवाई करने को कहा। मस्तुरी तहसील क्षेत्र के सतीश पाल और कुछ अन्य किसानों ने भी जनदर्शन में शिकायत की। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत जयरामनगर खैरा बस्ती के कमल सोनी और दिलहरण यादव ने चूना पत्थर की खदान में राखड़ (फ्लाई ऐश) की पटाई की थी। किसानों के मुताबिक, राखड़ का सही रख-रखाव नहीं किया गया। इस वजह से बारिश में यह बहकर किसानों के खेतों में घुस गया, जिससे उनकी फसलें बर्बाद हो गईं। धान की फसल वाले खेतों में राखड़ भर जाने से करीब 7-8 एकड़ जमीन और फसल बर्बाद हो गई है। इससे किसानों के सामने खेती करने का संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने नुकसान का उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। धान नहीं बेच पा रहे किसान मस्तुरी तहसील के ग्राम इटवा के रामेश्वर यादव ने बताया कि उनकी पुश्तैनी जमीन राजस्व रिकॉर्ड में 9 लोगों के नाम दर्ज है। इसके कारण उनके नाम से एग्रीटेक नहीं हो पा रहा है और वे धान नहीं बेच पा रहे हैं। कलेक्टर ने तहसीलदार मस्तुरी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। रतनपुर तहसील के ग्राम सीस निवासी रामभाऊ डिक्सेना ने बारिश में मकान गिरने के बाद आर्थिक मदद की मांग की। मजदूरी में गड़बड़ी की शिकायत जनपद पंचायत तखतपुर के ग्राम पंचायत देवरीकला के ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की मजदूरी के भुगतान में गड़बड़ी की शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2025-26 में नाली निर्माण का काम कराया गया था, लेकिन मजदूरी का भुगतान सरपंच ने खुद और अपने परिचितों के नाम पर कर दिया। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए परेशान करने का आरोप सकरी तहसील के ग्राम समडील निवासी कुंजबिहारी अनंत ने बताया कि उनकी बेटी अंजना कुमारी के विवाह प्रमाण पत्र और उनकी मां पूना बाई अनंत के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए ग्राम सचिव पिछले 6-7 महीने से टालमटोल कर रहा है। उन्होंने दोनों प्रमाण पत्र दिलाने की मांग की। वहीं, कोटा क्षेत्र के भारत सिंह ने सर्वेयर के काम का 18,730 रुपए भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि भुगतान से जुड़े दस्तावेज तहसील कार्यालय में जमा करने के बाद भी राशि नहीं मिली है।
Source link
कलेक्टर जनदर्शन में रोजगार, मुआवजा और फ्लाई ऐश की शिकायतें:कलेक्टर जनदर्शन में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, मुआवजा और प्रमाण पत्र की मांग
