![]()
खरगोन के कसरावद में श्रावण माह के अंतिम सोमवार को देर शाम भगवान गांगलेश्वर महादेव का भव्य शिवडोला निकाला गया। इस चल समारोह में 10 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। थार गाड़ी पर भगवान श्रीकृष्ण की आशीर्वाद देती झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। चल समारोह रात 8 बजे बड़ी माता मंदिर से प्रारंभ हुआ। 50 से अधिक ढोल-नगाड़ों के साथ यह जय स्तंभ, बस स्टैंड और छोटे नाके से होते हुए पुनः जय स्तंभ पहुंचा। पूरे मार्ग में ‘हर हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे। डोले में भगवान शिव-पार्वती, नंदी महाराज, नरसिंह महाप्रभु, दुर्गा माता, हनुमानजी और राधा-कृष्ण सहित कई आकर्षक धार्मिक झांकियां शामिल थीं। शिव अघोरी टीम, शिव परिवार, विराट नंदी महाराज के साथ आदिवासी नृत्य दल और अघोरी दल भी आकर्षण का केंद्र रहे। कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए
अघोरी दल ने मुंह से आग निकालकर हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। शिव भक्तों ने डीजे और भक्ति गीतों की धुन पर जमकर नृत्य किया, जिससे पूरा शहर शिवमय हो गया। चल समारोह के मार्ग में जगह-जगह शिवडोले में शामिल श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। विभिन्न सेवा स्थलों पर शिव भक्तों के लिए जलपान और फलाहारी नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। सेवा समितियों ने श्रद्धालुओं का आतिथ्य सत्कार किया। इससे पूर्व, श्री गांगलेश्वर महादेव मंदिर में भगवान का विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक किया गया। इसके बाद भव्य चलित झांकी सजाई गई, जिसने मंदिर से जय स्तंभ चौराहा, कुशवाह मोहल्ला, यादव मोहल्ला और सनी चौपाटी सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। इस दौरान ‘हर हर महादेव’ और ‘जय श्री गांगलेश्वर महादेव जी’ के जयकारे लगाए गए।
Source link
कसरावद में श्रद्धालुओं ने निकाला गांगलेश्वर महादेव का शिवडोला:थार पर आशीर्वाद देती श्रीकृष्ण की झांकी, अघोरियों के आग के करतब बने आकर्षण
