Headlines

कांगड़ा के रियुंद खड्ड में 1 KM लंबी झील बनी:पानी के रिसाव का खतरा बना, एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा




कांगड़ा में निर्माणाधीन फोरलेन के रियुंद पुल के पास भारी मात्रा में पानी जमा होने से खतरा पैदा हो गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने स्वयं मौके का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। फोरलेन निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने एसडीएम को बताया कि लोहे के स्पेन रखने वाली मशीन को बुधवार तक हटा लिया जाएगा। इसके बाद रियुंद खड्ड में जमा पानी की निकासी का कार्य शुरू किया जाएगा। पानी जमा होने से बनी लंबी झील खड्ड में लगातार पानी जमा हो रहा है, जिससे लगभग एक किलोमीटर लंबी झील बन गई है। यह पानी कभी भी बनेर खड्ड के आसपास के क्षेत्रों में बड़ी तबाही ला सकता है। पानी की मात्रा प्रतिदिन बढ़ रही है, जिससे खतरा और गहरा रहा है। रियुंद पुल के निर्माण के लिए खड्ड में कई टन मिट्टी डालकर एक प्लेटफार्म बनाया गया था, ताकि मशीनों को खड़ा करके पुल का काम आगे बढ़ाया जा सके। इसी मिट्टी के कारण बरसाती पानी बड़ी मात्रा में जमा हो गया है। पानी के रिसाव होने से हो सकता है भारी नुकसान अधिकारियों के अनुसार, लाखों गैलन पानी जमा हो चुका है और यह खड्ड में डाली गई मिट्टी से कुछ ही मीटर नीचे है। यदि पानी का रिसाव शुरू होता है या यह अचानक छूटता है, तो बनेर खड्ड से सटे क्षेत्रों में भारी तबाही आ सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी का ठहराव लगभग एक किलोमीटर तक हो चुका है। यदि इस पानी को जल्द नहीं निकाला गया, तो निश्चित रूप से बड़ी तबाही होगी। इस संबंध में एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने कहा कि उन्होंने स्थिति का आकलन कर लिया है और जल्द ही पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *