कांगड़ा में रेहड़ी-फड़ी वालों को दुकानें अलॉट:MLA बाली ने किया उद्घाटन; कहा-मटौर के विकास पर 3.20 करोड़ होंगे खर्च




पर्यटन निगम के अध्यक्ष और नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली ने मंगलवार को कांगड़ा के तहसील चौक में 26 नवनिर्मित दुकानों का लोकार्पण किया। इन दुकानों का आवंटन फल एवं सब्जी विक्रेताओं को किया गया है, जिन्हें 14 वर्षों से स्थायी दुकानों का इंतजार था। इस अवसर पर आरएस बाली ने कांगड़ा नगर परिषद को आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को तहसील चौक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मल्टीपरिसर भवन की विस्तृत रूपरेखा शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। बाली ने बताया कि हरिराम पार्क मटौर के विकास के लिए 3.20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है और इसका टेंडर भी हो गया है। उन्होंने राजस्व विभाग की जमीन पर दुकानें बनाने की मंजूरी देने के लिए एसडीएम कांगड़ा ईशांत जसवाल का आभार व्यक्त किया। दुकानों के उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और जिला कांगड़ा कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष नीशू मोंगरा की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही। काकू के सहयोगी की अपील मोंगरा भी कांग्रेस टिकट के दावेदार हैं। अपने संबोधन में आर.एस. बाली ने पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू पर विश्वास जताते हुए शहरवासियों से उनके सहयोग की अपील की, जिससे काकू को परोक्ष रूप से अगला उम्मीदवार घोषित किया गया। बाली ने कहा कि काकू क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित हैं और उनके कार्यकाल में कांगड़ा में कई योजनाएं शुरू हुईं। उन्होंने यह भी बताया कि रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए दुकानें बनाने की पहल काकू ने ही की थी। जिला कांगड़ा की लड़ाई लड़ेंगे: बाली बाली ने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2027 में वे जिला कांगड़ा की लड़ाई लड़ेंगे और 2032 में प्रदेश की लड़ाई लड़ेंगे। बाली ने बताया कि उनके पिता प्रदेश में दूसरे नंबर पर थे और वे अभी सरकार के शीर्ष दस में पहुंचे हैं। उन्होंने 2032 तक अपने पिता के मुकाम या उससे आगे बढ़कर जिला कांगड़ा और नगरोटा का नाम देश-प्रदेश में रोशन करने का संकल्प लिया। बाली के इस बयान से राजनीतिक गलियारों और कांग्रेस खेमे में हलचल मच गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *