![]()
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक पर मंगलवार रात हुए दर्दनाक कार हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद मृतकों के परिजनों से जनप्रतिनिधियों की मुलाकात का सिलसिला जारी है। शुक्रवार रात राजद कोटे से महिषी के विधायक गौतम कृष्ण मृतकों के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर घटना पर गहरी संवेदना जताई और परिजनों को ढांढस बंधाया। विधायक ने कहा कि यह परिवारों के लिए बेहद दुखद और कठिन समय है। इस घड़ी में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि परिवार को किसी भी तरह की जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद की जाएगी। साथ ही, पीड़ित परिवारों की समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाने का प्रयास करने की बात कही। ग्रामीणों ने बताईं समस्याएं, विधायक ने सुनीं बातें विधायक के मृतकों के घर पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां जुट गए। ग्रामीणों ने हादसे के बाद परिवारों के सामने आ रही समस्याओं और उनकी स्थिति से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने उनकी बातें सुनीं और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इससे पहले जदयू के स्थानीय नेता व पिपरा विधायक रामविलास कामत ने सबसे पहले मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर मदद का भरोसा दिया था। इसके बाद पूर्व सांसद विश्वमोहन कुमार, राजद के वरिष्ठ नेता व पूर्व आईआरएस बैद्यनाथ मेहता और पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी स्वजनों से मिल चुके हैं। मंदिर के पास कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने रौंदा था मंगलवार रात कटैया चौक पर एनएच-327ई किनारे बजरंगबली मंदिर के पास 6 लोग कीर्तन-भजन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार करीब 50 मीटर दूर स्थित एक गैरेज में जाकर क्षतिग्रस्त होने के बाद फंस गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ था। इधर, जानकारी मिल रही है कि पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भी जल्द मृतकों के परिजनों से मुलाकात करने पहुंच सकते हैं।
Source link
कार एक्सीडेंट में पीड़ित परिवारों से मिले महिषी विधायक:सुपौल में गौतम कृष्ण बोले- मुश्किल घड़ी में खड़े हैं साथ
