![]()
किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यह घटना लौचा पुल के समीप हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान टेढ़ागाछ प्रखंड के डाकपोखर पंचायत अंतर्गत कुछहा बेणुगढ़ निवासी राजा कुमार दास के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, राजा अपने बीमार पिता के लिए दवा खरीदने बहादुरगंज जा रहा था। लौचा पुल के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही कुछहा बेणुगढ़ गांव में शोक छा गया। राजा अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। बहादुरगंज थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर की जा रही है। स्थानीय लोगों ने लौचा पुल के पास तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है।
Source link
किशनगंज में सड़क हादसे में युवक की मौत:लौचा पुल के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, पिता के लिए दवा लेने जा रहा था
