![]()
डूंगरपुर जिले के रामसागड़ा थाना क्षेत्र के घोड़ाघाट गांव में एक खेत में बिना मुंडेर के कुएं में गिरने से 12 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतका की पहचान अयांशी (12) के रूप में हुई है। उसके पिता, माडा पंचायत के पूर्व सरपंच नारायण बरंडा ने बताया कि अयांशी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भाग लेकर स्कूल से घर आई थी। इसके बाद वह खेत पर घास लेने गई अपनी मां को बुलाने गई। खेत से लौटते समय अयांशी का पैर फिसल गया और वह बिना मुंडेर के कुएं में गिर गई। बेटी के कुएं में गिरने पर मां ने शोर मचाया, जिसके बाद पिता नारायण बरंडा भी मौके पर पहुंचे। नारायण बरंडा ने बेटी को बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। कुएं में पानी काफी गहरा था। उन्होंने बताया कि वह बच्ची को बचाने के लिए दो बार नीचे गए, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण पहली बार में सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों की मदद से बच्ची को कुएं से बाहर निकाला गया और परिजन उसे लेकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में शिफ्ट करवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Source link
कुएं में गिरने से 12 साल की बच्ची की मौत:मां को बुलाने खेत पर पहुंची, बिना मुंडेर के कुएं पर फिसला पैर
