कुरुक्षेत्र भाखड़ा में डूबे स्टूडेंट की दूसरे दिन भी तलाश:2 किमी तक खंगाली नहर, रातभर किनारे पर पहरा देता रहा परिवार




कुरुक्षेत्र की नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर में डूबे 13 साल के वरुण की तलाश दूसरे दिन भी जारी है। सोमवार शाम दबखेड़ी पुल के पास दोस्तों के साथ नहर में नहाने आए वरुण का देर रात तक कोई सुराग नहीं लग सका था। आज मंगलवार सुबह करीब 7 बजे गोताखोर प्रगट सिंह की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने दबखेड़ी पुल से आगे नहर में करीब 2 किलोमीटर तक तलाश की, लेकिन वरुण का अभी तक पता नहीं चला है। अब टीम वापस उसी दिशा में लौटकर नहर के हिस्से को एक बार फिर खंगालेगी। पानी के तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। पुल तक दोबारा सर्च के बाद फिर यही से ऑपरेशन शुरू होगा। रातभर नहर किनारे बैठे रहा परिवार वरुण के नहर में डूबने के बाद से उसका परिवार पूरी रात घटनास्थल पर ही रहा। वरुण के पिता राजबीर और उसका भाई अंधेरा होने के बाद भी नहर के किनारे उसे तलाशते रहे। परिवार के लोग रातभर नहर पर पहरा लगाकर बैठे रहे, ताकि अगर कहीं वरुण का पता चले तो तुरंत जानकारी मिल सके। सोमवार शाम दोस्तों संग नहर पर आया बाहरी गांव का रहने वाला वरुण शहर में प्राइवेट स्कूल में 8वीं क्लास में पढ़ता है। सोमवार को वह घर से ट्यूशन के लिए निकला था, लेकिन ट्यूशन से बंक मारकर दोस्तों के साथ दबखेड़ी पुल के पास नरवाना ब्रांच नहर पर पहुंच गया। यहां शाम करीब साढ़े 5 बजे उसके नहर में डूबने की बात सामने आई। नहर किनारे उसके कपड़े और चप्पल मिले थे। दोस्तों ने रोते हुए बताया कि वरुण डूब गया वरुण के साथ आए बच्चे किनारे पर रो रहे थे। आसपास के लोगों ने जब उनसे रोने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि उनका दोस्त वरुण नहर में डूब गया है। इसके बाद गोताखोर प्रगट सिंह, पुलिस और परिवार को भी घटना की जानकारी दी गई। सोमवार शाम से ही वरुण की तलाश शुरू कर दी गई थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। वरुण नहर में कैसे डूबा साफ नहीं वरुण के साथ मौजूद बच्चों से पुलिस और परिवार ने घटना के बारे में जानकारी ली है। हालांकि बच्चे डर की वजह से पूरी घटना साफ तौर पर नहीं बता पा रहे हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वरुण नहाते समय पानी में डूबा या उसका पैर फिसलने से वह नहर में गिर गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *