Headlines

कुल्लू में बोलेरो ने बच्ची को कुचला, मौत:गलत दिशा में आया वाहन, सड़क किनारे जा रही 3 वर्षीय मासूम को टक्कर, चालक गिरफ्तार




कुल्लू जिले के नग्गर उप-मंडल के तहत आते नशाला गांव में रविवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही बोलेरो कैंपर ने सड़क किनारे चल रही 3 वर्षीय मासूम बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई बच्ची ने अस्पताल पहुँचने से पहले ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, नशाला निवासी 3 वर्षीय मासूम बच्ची ‘ध्यान्बी’ रविवार दोपहर करीब 3 बजे सड़क किनारे पैदल जा रही थी। इसी दौरान जाना गांव की ओर से आ रही एक बोलेरो कैंपर (HP-34F-3597) के चालक ने कथित तौर पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन चलाया और बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पतलीकूहल पुलिस चौकी की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल ध्यान्बी को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश वहां तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी चालक गिरफ्तार, वाहन कब्जे में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो कैंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया और साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल का कहना है कि हादसा चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य कारण से हुआ, इसकी गहन जांच की जा रही है। चालक के खिलाफ BNS की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना), 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
ग्रामीणों ने की रिहायशी इलाकों में सख्त चेकिंग की मांग इस दुखद घटना ने नशाला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी क्षेत्रों और गांवों के संपर्क मार्गों पर वाहनों की रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम को अपनी जान न गंवानी पड़े।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *