![]()
फरीदकोट में नगर कौंसिल कोटकपूरा की ओर से शहर के विकास और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए वीरवार शाम हाउस की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 24.5 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। इसके साथ ही 132 सफाई कर्मचारियों को पक्का करने संबंधी प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से मंजूर किया गया। पंजाब सरकार, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के निर्देशों के तहत लिए गए इन फैसलों में शहर की सफाई, सुंदरता, सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। इस मामले में नगर कौंसिल के प्रधान गुरप्रीत सिंह गैरी वड़िंग ने बताया कि बजट के तहत शहर में कचरे के उचित प्रबंधन के लिए नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती संबंधी प्रस्ताव पारित कर अगली कार्रवाई के लिए भेजा गया है। इसके अलावा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने के लिए सॉलिड वेस्ट सेग्रीगेशन की व्यवस्थित व्यवस्था की जाएगी। कचरा डंप साइट के लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। सीसीटीवी कैमरे, नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का बजट में प्रावधान शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे, नई स्ट्रीट लाइटें, साइन बोर्ड तथा पैदल यात्रियों के लिए लाइनें बनाने और लगाने के कार्य भी बजट में शामिल किए गए हैं। इसी तरह नगर काउंसिल की पुरानी इमारतों में पड़े कबाड़ और अनुपयोगी सामान की खुली बोली के माध्यम से नीलामी करवाने का फैसला लिया गया है। पार्किंगों की बोली करवाकर ठेके पर देने की व्यवस्था नगर कौंसिल द्वारा तैयार की गई पार्किंगों की बोली करवाकर उन्हें ठेके पर देने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा गलत पार्किंग करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इन फैसलों के बाद सफाई सेवक यूनियन के प्रधान सुशील कुमार और साथियों ने स्पीकर कुलतार सिंह संधवां तथा नगर काउंसिल के प्रधान गैरी वड़िंग समेत सभी पार्षदों का धन्यवाद किया।
Source link
कोटकपूरा नगर कौंसिल का ₹24.5 करोड़ का बजट पास:132 सफाई कर्मियों को पक्का करने का प्रस्ताव मंजूर; कचरा प्रबंधन, CCTV और पार्किंग पर अहम फैसले
