![]()
एनएसयूआई और कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही ‘कैंपस यात्रा’ के तहत बुधवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कॉमर्स कॉलेज में विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान के लिए पंद्रह दिन का समय दिया है। इस दौरान एनएसयूआई कोटा देहात जिलाध्यक्ष रिदम शर्मा ने बताया कि ‘कैंपस यात्रा’ के तहत संगठन की टीम कॉमर्स कॉलेज पहुंची, जहां छात्र-छात्राओं को लंबे समय से पीने के पानी, खराब वाशरूम और स्पोर्ट्स (खेलकूद) सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रिदम शर्मा ने कहा कि हालांकि कॉलेज प्रशासन ने समस्याओं के समाधान के लिए दो महीने का समय मांगा था, लेकिन पीने के पानी और वाशरूम जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए इतना लंबा इंतजार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि इस तरह की समस्याओं का समाधान 10 से 15 दिनों के अंदर किया जा सकता है, इसलिए एनएसयूआई ने प्रशासन को समस्या के त्वरित निस्तारण के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। एनएसयूआई देहात जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 15 दिनों के अंदर छात्र-छात्राओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो एनएसयूआई और कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठ मिलकर उग्र प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज और स्थानीय प्रशासन की होगी। रिदम शर्मा ने कहा कि बातचीत के दौरान कॉलेज की मैडम का कहना था कि छात्र उनकी मदद करें। इस पर एनएसयूआई ने उनसे कहा कि वे इस संबंध में जिला कलेक्टर और महापौर को पत्र लिखें और उसकी एक प्रति संगठन को भी उपलब्ध कराएं, ताकि महापौर नगर निगम के जनहित से जुड़े कामों पर भी ध्यान दे सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन कार्य करने में असमर्थ रहता है तो एनएसयूआई कार्यकर्ता अपने स्तर पर छात्रहित में कड़े कदम उठाएंगे।
Source link
कोटा के कॉमर्स कॉलेज में एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन:कॉलेज में पीने के पानी और टॉयलेटस की व्यवस्था नहीं; 15 दिन का दिया अल्टीमेटम
