Headlines

कौशांबी में मोबाइल छिनैती का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार:पैर में लगी गोली, एक साथी फरार; आरोपी पर लूट-छिनैती के मुकदमे




कौशांबी के पिपरी और चरवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मोबाइल छिनैती के एक आरोपी को सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को पिपरी थाना क्षेत्र में राहगीर तौसीफ अहमद से मोबाइल छिनैती की घटना हुई थी। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर चरवा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान प्रदीप पुत्र किशन, निवासी पनभरा मंदर मोड़, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चायल सीओ शिवांक सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने तीन दिन पहले पिपरी क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मोबाइल छिनैती की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उसने चरवा थाना क्षेत्र में भी लूट और छिनैती की कई घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रदीप के खिलाफ कौशांबी और प्रयागराज के विभिन्न थानों में लूट, छिनैती, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *