![]()
बागपत में गन्ना किसानों के ब्याज भुगतान को लेकर अंतरराष्ट्रीय किसान यूनियन ने प्रशासन को चेतावनी दी है। किसान यूनियन ने जिलाधिकारी बागपत को पत्र सौंपकर मलकपुर चीनी मिल से किसानों के बकाया ब्याज का डाटा उपलब्ध कराने और भुगतान की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है। किसान यूनियन के पत्र के अनुसार, हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक प्रदेश के किसानों को करीब 30 साल, यानी वर्ष 1996 से वर्ष 2025 तक के गन्ना बकाये पर ब्याज देने का आदेश है। यूनियन का आरोप है कि मलकपुर चीनी मिल किसानों को ब्याज भुगतान से संबंधित जरूरी डाटा उपलब्ध नहीं करा रही है। पत्र में बताया गया है कि 1 सितंबर 2026 को किसानों के ब्याज से संबंधित डाटा समिति को उपलब्ध कराया जाना था, लेकिन तय समय पर डाटा नहीं मिला। इसके बाद 7 सितंबर को दोबारा समिति पर किसानों को बुलाया गया, लेकिन इस दिन भी समिति की ओर से किसानों को कोई ठीक जानकारी नहीं दी गई और ब्याज का डाटा उपलब्ध नहीं कराया गया। किसान यूनियन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर, यानी 14 सितंबर 2026 तक, किसानों को ब्याज का डाटा उपलब्ध नहीं कराया गया, तो मलकपुर चीनी मिल पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। यूनियन का कहना है कि किसानों ने लंबे समय तक गन्ने का भुगतान मिलने का इंतजार किया है और अब हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार ब्याज की राशि भी किसानों को मिलनी चाहिए। संगठन ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर होने वाले आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
Source link
गन्ना किसानों को ब्याज नहीं मिला तो मलकपुर मिल पर:14 सितंबर तक डाटा नहीं मिलने पर अंतरराष्ट्रीय किसान यूनियन ने दी चेतावनी
