Headlines

गिरिडीह में दो पक्षों में मारपीट, दो छात्र जख्मी:देवरी के जमडीहा गांव में विवाद के बाद तनाव, पुलिस बल तैनात; पांच आरोपी पकड़े गए




गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के जमडीहा गांव में शनिवार को दो स्कूली छात्रों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद बाद में दो पक्षों में मारपीट में बदल गया। इस घटना में दो छात्र घायल हो गए। इसके बाद गांव में तनाव फैल गया और पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घायल छात्रों की पहचान जमडीहा गांव के चंदन कुमार साव और चंदन कुमार वर्मा के रूप में हुई है। दोनों को देवरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया जानकारी के अनुसार, शनिवार को दोनों छात्र अपने कोचिंग सेंटर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों छात्र चोटिल हो गए। घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और तनाव का माहौल बन गया। देवरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल छात्रों को अस्पताल पहुंचाया। हालात को देखते हुए गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है। इस बारे में एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना में कुल छह लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें से पांच आरोपियों को पकड़ लिया गया है। एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित जगहों पर छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि देवरी थाना क्षेत्र में लगातार अपराध की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *